दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) ने अपने अंतर्गत आने वाले विभिन्न कॉलेजो में स्नातकोत्तर के पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए दूसरी मेरिट सूची जारी कर दी है। मेरिट सूची को आधिकारिक वेबसाइट du.ac.in पर जारी किया गया है। इस मेरिट सूची के माध्यम से आज रविवार को सुबह 10 बजे से ही स्नातकोत्तर के पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पंजीकरण की यह प्रक्रिया 29 दिसंबर 2021 को रात 11.59 बजे तक चलेगी।
1 दिसंबर तक आवेदन शुल्क जमा कर सकेंगे
विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले विभिन्न कॉलेज स्नातकोत्तर के पाठ्यक्रमों में प्रवेश को 29 नवंबर 2021 से लेकर 30 नवंबर 2021 तक कंफर्म करेंगे। उम्मीदवार अपने प्रवेश को कंफर्म कराने के लिए आवेदन शुल्क 1 दिसंबर 2021 को दोपहर 1 बजे तक जमा कर पाएंगे। जो भी उम्मीदवार इस मेरिट सूची के माध्यम से प्रवेश लेना चाहते हैं, वह जल्द से जल्द अपना आवेदन कर दें। मेरिट सूची का निर्धारण छात्रों को प्रवेश परीक्षा में मिले अंकों के आधार पर किया गया है।
इस बार केवल 3 मेरिट सूची जारी की जाएगी
इससे पहले दिल्ली विश्वविद्यालय द्वारा 17 नवंबर को स्नातकोत्तर के पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पहली मेरिट सूची जारी की गई थी। आधिकारिक शेड्यूल के अनुसार इस बार विश्वविद्यालय द्वारा केवल 3 मेरिट सूची जारी की जा रही है। जबकि पिछले साल 8 मेरिट सूची जारी की गई थी। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के अनुसार जिन उम्मीदवारों ने स्नातकोत्तर में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा को पास किया है, वह ही इस दाखिले की प्रक्रिया में भाग लेने के योग्य हैं।
3 दिसंबर को जारी होगी तीसरी सूची
विश्वविद्यालय की ओर से तीसरी और आखिरी मेरिट सूची 3 दिसंबर 2021 को जारी का जाएगी। कॉलेजों के द्वारा 4 दिसंबर 2021 को सुबह 10 बजे से लेकर 6 दिसंबर 2021 को शाम पांच बजे तक दाखिले की प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। छात्रों को 7 दिसंबर तक अपना प्रवेश शुल्क जमा करना होगा। दिल्ली विश्वविद्यालय द्वारा सीट अलॉटमेंट की सूची को आधिकारिक वेबसाइट पर ही जारी किया जाएगा। उम्मीदवार वेबसाइट पर नजर बना कर रखें।
1 दिसंबर 2021 से शुरू होंगी कक्षाएं
अनुमान के मुताबिक इस बार 1.8 लाख छात्रों ने दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों प्रवेश लेने के लिए आवेदन किया है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी किए गए आधिकारिक नोटिस के अनुसार स्नातकोत्तर के पाठ्यक्रमों के अंतर्गत कक्षाओं का संचालन 1 दिसंबर 2021 से शुरू किया जाएगा। अकादमिक कैलेंडर के अनुसार स्नातकोत्तर के पहले सत्र की परीक्षा 30 मार्च 2022, वहीं दूसरे सत्र की परीक्षा का 16 अप्रैल 2022 से आयोजित की जाएगी।