दरअसल, दिल्ली विश्वविद्यालय में तीसरी कट-ऑफ के तहत दाखिले की प्रक्रिया की शुरुआत धीमी हुई है। यूनिवर्सिटी के एक अधिकारी के मुताबिक, पहले दिन 4872 छात्रों ने ही आवेदन किया जिसमें से 2410 छात्रों के दाखिला को स्वीकृति मिली है। बता दें कि दिल्ली विश्वविद्यालय ने शनिवार को तीसरी कट-ऑफ सूची जारी की थी। जिसमें कई कॉलेजों में कई पाठ्यक्रमों में प्रवेश बंद कर दिया गया, जबकि कुछ कार्यक्रमों के लिए कट-ऑफ में मामूली गिरावट आई थी।
दिल्ली विश्वविद्यालय में दूसरी कट-ऑफ के तहत चले दाखिले के समापन तक 82 प्रतिशत से अधिक सीटें भरी जा चुकी थी। जबकि पहली कट-ऑफ सूची के तहत 35,500 सीटें भरी गईं थी। दूसरी कटऑफ सूची के तहत हुए दाखिले में 22,147 सीटें भरी गई हैं। विश्वविद्यालय में स्नातक पाठ्यक्रमों में कुल 70,000 सीटें हैं। विश्वविद्यालय की पहली कट-ऑफ सूची 10 अक्तूबर को जारी की गई थी। लगभग 50 प्रतिशत सीटें पहली सूची के तहत भरी गई थी।
इसे भी पढ़ें-NEET Counselling 2020: आज से काउंसलिंग शुरू, ऐसे करें आवेदन, ये रही आवश्यक दस्तावेजों की सूची
डीयू में कट-ऑफ के आधार पर ही छात्रों को दाखिला मिलता है। कट-ऑफ के हिसाब से कॉलेज चुनने के बाद छात्रों के डॉक्यूमेंट्स की जांच होती है। डीयू प्रशासन छात्रों के शैक्षिक दस्तावेजों की जांच करता है। इस साल डीयू की कट-ऑफ में कई कॉलेजों की कट-ऑफ सौ फीसदी गई है। विश्वविद्यालय की तीसरी कटऑफ के तहत अधिकांश कॉलेजों की कटऑफ 90 फासदी से अधिक है। हालांकि, कुछ कॉलेज ऐसे भी हैं जिनकी कटऑफ 80% या उससे कम है।