दिल्ली विश्वविद्यालय में कट ऑफ जारी होने के बाद छात्रों को कॉलेज व कोर्स का चयन ऑनलाइन ही करना होगा। उन्हें स्नातक दाखिला पोर्टल पर पंजीकृत ईमेल से लॉग इन करना होगा। वहां कोर्स व कॉलेज का चयन कर दाखिला ऐप्लीकेशन फॉर्म बनाना (जनरेट) होगा। दरअसल, डीयू ने दाखिला प्रक्रिया की जानकारी जारी की है। इसे चरणबद्ध तरीके से समझा जा सकता है। उल्लेखनीय है कि डीयू की पहली कट ऑफ 19 जून को जारी होगी।
दाखिला प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी
1. कट ऑफ आने के बाद छात्र को दाखिला पोर्टल पर ई-मेल आईडी व पासवर्ड की मदद से कॉलेज व कोर्स को चुनाव करना होगा।
2. दाखिला फॉर्म का प्रिंट आउट व जरूरी दस्तावेज लेकर कॉलेज पहुंचना होगा।
3. एक सेट मूल व स्वयं सत्यापित दस्तावेज की फोटोकॉपी का दूसरा सेट लेकर छात्रों को कैंपस पहुंचना होगा।
4. यूजी पोर्टल पर कॉलेज दाखिले की मंजूरी देगा। जिसके बाद पोर्टल पर लॉग इन कर ऑनलाइन फीस का भुगतान करना होगा।
5. प्रशासन की सलाह है कि परेशानी से बचने के लिए ऑनलाइन दाखिले व फीस भुगतान के लिए अंतिम समय की प्रतीक्षा ना करें।
6. छात्रों को ध्यान रखना होगा कि फीस भुगतान करने के बाद ही कॉलेज छात्र का दाखिला पक्का करेगा।
7. दाखिला कैंसल करने के बाद उन्हें कैंसिलेशन फीस की स्लिप का प्रिंट आउट लेना होगा। जिसे कॉलेज में जमा कराना होगा। जहां से वह अपने मूल दस्तावेज वापस लेना चाहते हैं।
8. यदि किसी कॉलेज में फीस का अतिरिक्त भुगतान किया होगा तो बाकी पैसा छात्र के खाते में पहुंच जाएगा।