दिल्ली विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग में पंजीकृत पीएचडी स्कॉलर अब एमएससी के छात्रों को पढ़ाएंगे। बृहस्पतिवार को विभाग की काउंसिल की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
विभाग के इस फैसले का विरोध भी शुरू हो गया है। पीएचडी स्कॉलर को पढ़ाने के लिए कक्षाएं देने का कुछ शिक्षकों ने विरोध किया है। शिक्षकों को इस बात पर आपत्ति है कि पीएचडी स्कॉलर अपनी पीएचडी करने आए हैं न कि विभाग में पढ़ाने के लिए आएं हैं।
विभाग के शिक्षकों ने इस बात पर भी आशंका जताई है कि पीएचडी स्कॉलर को पढ़ाने का काम देने से उनके रिसर्च वर्क में व्यवधान उत्पन्न होगा। उन्हें पढ़ाने का किसी तरह का कोई अनुभव नहीं होने से एमएससी छात्रों की पढ़ाई का भी नुकसान होगा।
दिल्ली विश्वविद्यालय विद्वत परिषद सदस्य प्रो. हंसराज सुमन ने कहा कि पीएचडी स्कॉलर एमएससी छात्रों को पढ़ाएंगे यह सही नहीं है। वह विरोध जता रहे शिक्षकों का समर्थन करते हैं।