Delhi Nursery Admission: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के निजी स्कूल शिक्षा निदेशालय के निर्देशानुसार आज मानकों में मिले अंकों के साथ बच्चों की सूची जारी करेंगे। इससे स्कूल में होने वाले दाखिले की स्थिति लगभग स्पष्ट हो जाएगी। स्कूलों ने ड्रॉ ऑफ लॉटरी का शेड्यूल जारी कर अभिभावकों को बुलाना शुरू कर दिया है। कई स्कूलों में 11 जनवरी को लॉटरी निकाली जाएगी। लॉटरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद दाखिले की पहली सूची व प्रतीक्षा सूची 17 जनवरी को जारी की जाएगी।
शिक्षा निदेशालय ने नर्सरी, केजी व पहली कक्षा में दाखिले के लिए जारी दिशा-निर्देशों में स्पष्ट किया था कि वह 10 जनवरी तक बच्चों को मानकों में मिले अंकों की सूची अपनी वेबसाइट पर जारी करें। सूची से यह साफ हो जाएगा कि किस बच्चे को किस मानक में स्कूल ने कितने अंक दिए हैं।
इतने अंक वाले बच्चों को दाखिले की संभावना
अधिकतर स्कूलों में 50 से अधिक अंक प्राप्त करने वाले बच्चों के दाखिले की संभावना है। कई स्कूलों में यह 90 अंक तक होगी। हुमायुं रोड स्थित मॉर्डन स्कूल ने लॉटरी का शेड्यूल जारी कर दिया है। यहां 11 जनवरी को पूर्व छात्र मानक के तहत मिले 75 अंक, भाई-बहन मानक में मिले 75 अंक व सामान्य श्रेणी के 50 अंक प्राप्त करने वाले बच्चों की लॉटरी निकाली जाएगी। वहीं, द्वारका स्थित मॉर्डन कॉन्वेंट स्कूल भी 11 जनवरी को लॉटरी निकालेगा।
दूसरी सूची 3 फरवरी को जारी की जाएगी
लॉटरी को स्कूल के फेसबुक पेज पर लाइव दिखाया जाएगा। 17 जनवरी को जारी होने वाली पहली सूची से संबंधित कोई आपत्ति होने पर अभिभावक 18 व 27 जनवरी को शिकायत कर सकेंगे। पहली सूची के दाखिले संपन्न होने के बाद दूसरी व प्रतीक्षा सूची 3 फरवरी को जारी की जाएगी और प्रवेश प्रक्रिया आधिकारिक रूप से 14 मार्च, 2025 को समाप्त होगी।
निजी स्कूलों में ईडब्ल्यूएस के लिए 25% सीटें आरक्षित
निजी स्कूलों को आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस), वंचित समूहों (डीजी) और विकलांग बच्चों के लिए अपनी 25 प्रतिशत सीटें आरक्षित करनी होती हैं। सर्कुलर के अनुसार, इन श्रेणियों के लिए अलग-अलग प्रवेश सूचियां प्रकाशित की जाएंगी।
लिस्ट में नाम आने के बाद जाना होगा स्कूल
ये पूरा प्रोसेस एडमिशन के लिए आवेदन का है, जिसके बाद आखिर में बच्चों को स्कूलों में दाखिला मिलेगा। जिन बच्चों का पहली और दूसरी लिस्ट में नाम आएगा उन्हें मार्च 2025 में एडमिशन दिया जाएगा। जिसकी पूरी जानकारी स्कूल की वेबसाइट और नोटिस बोर्ड पर भी मिलेगी।