नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की ओर से जल्द ही सीयूईटी पीजी 2023 का विस्तृत परीक्षा कार्यक्रम और आवेदन तिथियों की घोषणा की जाएगी। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के चेयरमैन प्रोफेसर एम जगदीश कुमार ने ट्वीट कर बताया कि एनटीए सीयूईटी-पीजी परीक्षा तिथियों और आवेदन तिथियों की घोषणा करेगा। सीयूईटी-पीजी एक से 10 जून, 2023 को आयोजित की जानी है।
CUET PG परीक्षा 13 भाषाओं में होगी
सीयूईटी 2023 की परीक्षा असमिया, बंगाली, अंग्रेजी, गुजराती, हिंदी, कन्नड़, मलयालम, मराठी, उड़िया, पंजाबी, तमिल, तेलुगु और उर्दू सहित 13 भाषाओं में आयोजित की जाएगी। इसके अलावा, एनटीए देश भर में 1,000 परीक्षा केंद्र तैयार करने पर काम कर रहा है, जिनमें से लगभग 450-500 परीक्षा केंद्र प्रतिदिन उपयोग किए जाएंगे।
CUET PG 2023 परिणाम जुलाई के पहले सप्ताह में
वहीं, सीयूईटी पीजी 2023 का परिणाम जुलाई 2023 के पहले सप्ताह में घोषित होने की संभावना है। यूजीसी प्रमुख ने ट्वीट की श्रृंखला में यह भी कहा है कि सीयूईटी यूजी और सीयूईटी पीजी के कार्यक्रम का पालन करने से विश्वविद्यालय अपनी जुलाई 2023 की प्रवेश प्रक्रिया समय पूरा कर सकेंगे और एक अगस्त 2023 तक शैक्षणिक सत्र शुरू कर सकते हैं।