वायुसैनिक भर्ती 2020 और 2021 दोनों पेंडिंग
वायुसेना में सैनिक की भर्ती जनवरी 2020 के लिए परीक्षा नवंबर 2020 में हुई थी और उसका परिणाम भी नवंबर 2020 में आ गया था। सभी टेस्ट हो जाने एवं प्रोविजनल सिलेक्शन लिस्ट आ जाने के बावजूद अभी तक इसकी एनरोलमेंट लिस्ट जारी नहीं की गई है। इस भर्ती से जुड़े युवाओं का कहना है कि एनरोलमेंट लिस्ट जारी करने की तिथि को बार-बार आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि जनवरी 2020 की भर्ती की एनरोलमेंट लिस्ट तुरंत जारी की जाए। वहीं, आगे लिखा कि इसके अलावा वायुसेना में सैनिकों की भर्ती की एक और परीक्षा जुलाई 2021 में ली गई, जिसमें लाखों युवाओं ने हिस्सा लिया। इसका परिणाम अगस्त 2021 में आना था, लेकिन अभी तक परिणाम जारी नहीं हुआ है। कांग्रेस महासचिव ने मांग की कि जुलाई 2021 की भर्ती का परिणाम जारी कर आगे की प्रक्रिया को शीघ्र शुरू किया जाना चाहिए।
सेना भर्ती की आयु सीमा में दो साल की छूट दी जाए
प्रियंका गांधी ने अपने पत्र में लिखा कि लाखों युवा दौड़, नियमित व्यायाम एवं अन्य माध्यमों से सेना भर्ती की तैयारी में लगे हैं, लेकिन कई सालों से सेना की भर्ती नहीं आई है। सेना भर्ती की तैयारी करने वाले युवा परेशान हैं। सेना में खाली पड़े लाखों पद भरने के लिए अविलंब भर्ती निकाली जाए और सभी भर्ती केंद्रों पर भर्ती रैलियों का आयोजन किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने मांग की कि लंबे समय से सेना में भर्तियों के न आने एवं परिणामों, नियुक्तियों में देरी के चलते ओवरएज हो रहे अभ्यर्थियों को आयु सीमा में दो साल की छूट दी जाए।
सेना में 1.25 लाख पद खाली होने का दिया हवाला
कांग्रेस महासचिव ने रक्षा मंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि दिसंबर 2021 में केंद्र सरकार द्वारा लोकसभा में दिए गए जवाब में सेना में 1.25 लाख पद खाली होने की बात कही गई थी। एकतरफ जहां सेना में लाखों पद खाली हैं, वहीं सेना भर्ती के परिणामों व प्रक्रियाओं में हो रही देरी चिंताजनक है। वहीं, सालों-साल भर्ती न आने से लाखों युवा कड़ी मेहनत करने के बावजूद भी निराश हैं। वाड्रा ने आगे लिखा- आशा है कि आप सेना में भर्तियों से जुड़े इन सभी बिंदुओं को संज्ञान में लेंगे एवं अविलंब आवश्यक कदम उठाएंगे, ताकि सेना भर्ती की तैयारी करने वाले युवाओं की मेहनत को सम्मान व समाधान मिल सके।