CBSE List Of Candidates: सीबीएसई आज, यानी 18 अगस्त को एलओसी (लिस्ट ऑफ कैंडिडेट) फॉर्म जारी करने वाला है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने छात्रों और संबद्ध स्कूलों को चेतावनी दी है कि यदि सभी विषयों को 'List Of Candidates' फॉर्म में सही ढंग से नहीं भरा गया या उनमें कोई गलती हो जाती है, तो ऐसे छात्रों को बोर्ड परीक्षा 2024 में समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। सीबीएसई ने साफ तौर पर कहा है कि LOC में गलती होने पर, ऐसे छात्रों को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
सीबीएसई ने दावा किया कि बीते समय में बोर्ड ने पाया है कि स्कूल और छात्र फॉर्म भरते समय पूरा एहतियात और ईमानदारी नहीं दिखाते हैं। ऐसे में बोर्ड को कई तरह की कमियां देखने को मिलती थीं।
ऐसे में बोर्ड की ने एक नोटिस जारी करके कहा “चूंकि एलओसी जमा होना शुरू हो गया है, इसलिए इस नोटिस के साथ, सभी स्कूलों को एक बार फिर यह याद दिलाया जाता है कि एलओसी में डेटा सही ढंग से भरना कितना महत्वपूर्ण है। इसलिए, प्रधानाचार्यों/स्कूलों को निर्देश दिया जाता है कि वे उम्मीदवारों की जानकारी भरने से पहले एलओसी अधिसूचना संख्या सीबीएसई/एलओसी/2023-24/ दिनांक 17/08/2023 को ध्यान से पढ़ें। विवरण भरने के लिए नियुक्त कर्मचारियों को उक्त परिपत्र में निर्धारित सभी दिशानिर्देशों से अवगत कराया जाना चाहिए, ताकि गलतियों से बचा जा सके। माता-पिता को भी गलत डेटा भरने के परिणामों से अवगत कराना जाना चाहिए। एलओसी जमा करने के बाद विषय सुधार पर किसी भी तरह से विचार नहीं किया जाएगा।”
अगर छात्रों का गलत जनसांख्यिकीय विवरण (Demographic Details) भरा गया है, तो छात्रों को परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद इन विवरणों को सही कराना होगा। संभव है कि इस दौरान उन्हे प्रवेश आदि में समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
सीबीएसई ने यह भी साफ कर दिया है कि एलओसी में हुई गलतियों में सुधार के लिए बाद में कोई विंडो उपलब्ध नहीं कराई जाएगी। इसलिए स्कूलों को यह सुनिश्चित करना होगा कि भरा गया डेटा सही है। सीबीएसई ने कहा है कि यह जिम्मेदारी स्कूलों की है कि सही डेटा अपलोड हो। इसलिए, डेटा बोर्ड को जमा करने से पहले स्कूल ये सुनिश्चित करें कि डेटा सही है।