कितना लगेगा आवेदन शुल्क?
CBSE ने 12वीं के छात्रों के लिए जो अपने रिजल्ट से संतुष्ट नहीं हैं, उनके लिए बोर्ड ने दो चरणों में प्रक्रिया रखी है। पहला चरण है उत्तर पुस्तिका (कॉपी) की स्कैन की गई प्रति प्राप्त करना। इसके लिए छात्र 19 मई 2026 से 22 मई 2026 रात 11:59:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस दौरान प्रत्येक विषय की कॉपी देखने के लिए 700 रुपये शुल्क देना होगा।
दूसरा चरण 26 मई 2026 से 29 मई 2026 तक रहेगा, जिसमें छात्र अपनी कॉपी में पाई गई त्रुटियों का सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकते हैं। त्रुटि सत्यापन के लिए 500 रुपये प्रति उत्तर पुस्तिका और पुनर्मूल्यांकन के लिए 100 रुपये प्रति प्रश्न (एक सबहेड के साथ) शुल्क देना होगा। इस तरह छात्र अपने नंबरों की दोबारा जांच करवा सकते हैं।
रिवैल्यूएशन से पहले जान लें CBSE के जरूरी नियम
- केवल वही छात्र आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने पहले स्कैन कॉपी मंगाई हो।
- छात्र को पहले संबंधित विषय की मार्किंग स्कीम देखनी होगी।
- किसी उत्तर में गलती लगने पर छात्र कारण के साथ पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकता है।
- आवेदन की स्थिति छात्र अपनी लॉगिन आईडी पर देख सकेंगे।
- रिवैल्यूएशन के बाद अंक बढ़ या घट सकते हैं, 1 अंक की कमी भी मान्य होगी।
- बोर्ड का फैसला अंतिम होगा, इसके खिलाफ दोबारा अपील नहीं की जा सकेगी।
- RTI के तहत केवल स्कैन कॉपी मिल सकती है, रिवैल्यूएशन की मांग नहीं की जा सकती।
जानें आवेदन से लेकर नए मार्कशीट तक के नियम
CBSE की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी, इसलिए छात्रों को आवेदन भी ऑनलाइन ही करना होगा। ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। फीस का भुगतान केवल डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग के जरिए किया जा सकेगा, नकद या किसी अन्य माध्यम से भुगतान मान्य नहीं होगा। अगर आवेदन नियमों के अनुसार नहीं भरा गया, तो उसे सीधे रद्द कर दिया जाएगा।
छात्र हर चरण के लिए केवल एक बार आवेदन कर सकते हैं, इसलिए पहले ही तय करना होगा कि कितने विषयों के लिए आवेदन करना है। रिवैल्यूएशन के बाद अंकों में बढ़ोतरी या कमी दोनों हो सकती है, यहां तक कि 1 अंक का भी बदलाव संभव है। यदि नंबर बदलते हैं, तो छात्र को पुरानी मार्कशीट जमा करनी होगी, जिसके बाद नई मार्कशीट जारी की जाएगी।
स्कैन कॉपी पाने का क्या है पूरा तरीका?
- पहला चरण मूल्यांकन की गई उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी के लिए आवेदन करना है।
- कक्षा 12वीं के लिए फीस और समय-सारणी पहले से तय की गई है।
- आवेदन केवल छात्र को खुद ऑनलाइन करना होगा, साइबर कैफे या किसी दूसरे व्यक्ति द्वारा आवेदन करने से बचने की सलाह दी गई है।
- स्कैन कॉपी छात्र की लॉगिन आईडी पर उपलब्ध कराई जाएगी, जहां से उसे डाउनलोड किया जा सकेगा।
- कॉपी “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर मिलेगी, यानी जो पहले आवेदन करेगा उसे पहले कॉपी मिलेगी।
- छात्र एक या अधिक विषयों के लिए आवेदन कर सकता है, लेकिन आवेदन एक ही बार में करना होगा।
- अगर छात्र अंकों से असंतुष्ट है, तो आगे सत्यापन या पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकता है।