CBSE 12th Board sample paper and preparation tips
- फोटो : सोशल मीडिया
सीबीएसई की 12वीं टर्म-1 बोर्ड परीक्षा का केमिस्ट्री विषय का पेपर मंगलवार 14 दिसंबर, 2021 को संपन्न हुआ। पेपर में कुल 55 बहुविकल्पीय प्रश्नों में से 45 प्रश्नों के जवाब देने थे। छात्रों को कुल 35 अंक के पेपर को 90 मिनट में करना था। पेपर में तीन सेक्शन-ए,बी और सी में प्रश्न पूछे गए। छात्रों ने कहा है कि पेपर आसान आया था। सिलेबस में जिन भी चैप्टर के कॉन्सेप्ट को अच्छे से पढ़ा था, वह काम आया। कई छात्रों को पेपर सामान्य लगा, कई ऐसे भी छात्र थे जो चाहते थे कि थ्योरी और न्यूमेरिकल से जुड़े प्रश्न बराबर पूछे जाएं। जबकि थ्योरी के प्रश्न न्यूमेरिकल की तुलना में ज्यादा आए। शिक्षकों ने पेपर को बहुत आसान बताया और कहा कि एनसीईआरटी की किताबों को जिन्होंने भी अच्छे से पढ़ा होगा, उनके पूरे अंक आ सकते हैं।
12वीं कक्षा के केमिस्ट्री पेपर को इस लिंक पर क्लिक करके देखें।
ज्यादातर थ्योरी से आए थे प्रश्न
अमर उजाला डिजिटल की एजुकेशन टीम से बातचीत में दिल्ली के केमिस्ट्री विषय के शिक्षक कुंवर जोगिंदर सिंह ने बताया कि ऑर्गेनिक केमिस्ट्री , इनऑर्गेनिक केमिस्ट्री और फिजिकल केमिस्ट्री के चैप्टर से सवाल आए थे। पेपर बहुत आसान था, कुल 55 प्रश्नों में ज्यादातर प्रश्न थ्योरी के पूछे गए थे। न्यूमेरिकल के कुछ ही प्रश्न आए थे। इनऑर्गेनिक केमिस्ट्री के पी-ब्लॉक पार्ट से थ्योरी के सवाल आए थे। फिजिकल केमिस्ट्री से न्यूमेरिकल के प्रश्न पूछे गए थे। छात्रों के पाठ्यक्रम से प्रश्न पूछे गए थे। वहीं, उन्होंने कहा कि टर्म-2 बोर्ड परीक्षा में न्यूमेरिकल से ज्यादा प्रश्न पूछे जा सकते हैं।
पूरे अंक लाने पर 500 रुपये का तोहफा
शिक्षक कुंवर जोगिंदर सिंह ने कहा कि परीक्षा खत्म होते ही कई छात्रों ने फोन करके सूचना दी कि उनका पेपर बहुत अच्छा हुआ है। मेरी कक्षा में 71 छात्र हैं, उम्मीद है कि यह सभी पेपर में अच्छा प्रदर्शन करेंगे। छात्रों की कक्षा के दौरान उन्हें इनऑर्गेनिक केमिस्ट्री के पी-ब्लॉक पार्ट पर खूब अभ्यास कराया था। साथ ही अन्य विषयों के भी असाइनमेंट छात्रों को दिए। मैंने छात्रों से कहा था कि अगर वह टर्म-1 बोर्ड परीक्षा में 35 में से 35 अंक लेकर आएंगे, तो उन्हें 500 रुपये का तोहफा दूंगा।
दिल्ली के द्वारका सेक्टर-18 स्थित एक निजी स्कूल की शिक्षक रतना डे ने बताया कि पेपर पूरा एनसीईआरटी की किताबों से आया था। जिन छात्रों ने किताब के मौजूदा पाठ्यक्रमों पर अच्छे से अभ्यास किया होगा, वह पेपर में अच्छा प्रदर्शन करेंगे। होनहार छात्रों के पेपर में पूरे अंक आ सकते हैं। हालांकि, औसत छात्रों ने अगर अपनी किताब के पाठ्यक्रमों पर ठीक से मेहनत नहीं की होगी, तो उन्हें ये पेपर थोड़ा कठिन लगा होगा। सीबीएसई ने पेपर में प्रत्येक सही प्रश्न के उत्तर देने पर 0.77 अंक की मार्किंग स्कीम निर्धारित की है।