केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की बारहवीं की बोर्ड परीक्षाएं शुरू की जा चुकी है। यह परीक्षा माइनर (छोटे) विषयों के लिए ली जा रही है। बोर्ड द्वारा प्रमुख विषयों की परीक्षा 1 दिसंबर 2021 से शुरू की जाएगी। सीबीएसई द्वारा अब एक नई अधिसूचना जारी की गई है। सीबीएसई ने प्राइवेट छात्रों के लिए जारी अधिसूचना में कहा है कि 12वीं बोर्ड की परीक्षा में शामिल होने की इच्छा रखने वाले छात्र 2 दिसंबर 2021 से अपना पंजीयन करा सकते हैं।
जो भी छात्र इस परीक्षा के लिए आवेदन करना चाहते हैं, वह सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर जाकर अपना आवेदन कर सकते हैं। बोर्ड के अनुसार प्राइवेट छात्रों की बोर्ड परीक्षा का आयोजन सामान्य छात्रों के साथ ही किया जाएगा। उन्हें टर्म-1 की परीक्षा में शामिल होने की जरूरत नहीं होगी। आवेदन करने वाले छात्र इस बात का ध्यान रखें कि परीक्षा के लिए आवेदन पत्र केवल ऑनलाइन ही स्वीकार किए जाएंगे। छात्रों को आवेदन शुल्क भी जमा करना होगा। इससे पहले सीबीएसई द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 12वीं कक्षा के टर्म - 2 की बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन मार्च या अप्रैल 2022 के महीने में किया जाएगा।
ये छात्र कर सकते हैं आवेदन
1. ऐसे छात्र जिन्हें सीबीएसई द्वारा वर्ष 2021 में एसेंशियल रिपीट घोषित किया गया है।
2. ऐसे छात्र जिन्हें सीबीएसई द्वारा कंपार्टमेंट की श्रेणी में रखा गया है।
3. ऐसे छात्र जिन्हें सीबीएसई द्वारा अगस्त और सितंबर 2021 की परीक्षा में कंपार्टमेंट की श्रेणी में रखा गया है।
4. ऐसे छात्र जो सीबीएसई द्वारा आयोजित वर्ष 2016, 2017,2018,2019 और 2020 की परीक्षा में फेल हुए हो।
5. ऐसे छात्र जो सीबीएसई द्वारा आयोजित वर्ष 2021 की परीक्षा में सफल हुए हो, लेकिन अंकों में सुधार चाहते हैं।
6. ऐसे छात्र जो सीबीएसई द्वारा आयोजित वर्ष 2020 और 2021 की परीक्षा में सफल हुए हैं, लेकिन एख अतिरिक्त विषय के लिए भाग लेना चाहते हैं।
7. ऐसी महिला उम्मीदवार जो राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की निवासी है और किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से दसवीं की परीक्षा पास की है।
8. दिल्ली पत्रचर विद्यालय के छात्र भी आवेदन कर सकते हैं।
9. ऐसे दिव्यांग छात्र जो दिल्ली के रहने वाले हैं और मान्यता प्राप्त बोर्ड से दसवीं की परीक्षा पास की है।
प्राइवेट छात्र 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए पंजीयन की आखिरी तारीख 20 दिसंबर 2021 तक है। हालांकि, लेट फीस के साथ छात्र 30 दिसंबर 2021 तक आवेदन कर सकते हैं। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा यह सूचना जारी की गई है कि 2022 की बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले प्राइवेट छात्रों को अलग से रोल नवंबर जारी किए जाएंगे। छात्रों को पूर्व वर्ष के रोल नंबर के साथ परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
आधिकारिक नोटिफिकेशन के लिए
यहां क्लिक करें।