केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने देश के सभी सीबीएसई स्कूलों में कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों को बड़ी राहत देते हुए सोशल साइंस विषय की परीक्षा हेतु सिलेबस में कटौती की है। सीबीएसई 27 मार्च 2021 को दसवीं कक्षा हेतु सोशल साइंस विषय की परीक्षा आयोजित करने जा रहा है। विद्यार्थियों के लिए बोर्ड ने कुल पांच यूनिट्स, सोशल साइंस के थ्योरी टॉपिक्स में से हटा दिए हैं। इस प्रकार नया और संशोधित सिलेबस, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी करेगा। पढ़िए केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक का बयान ...
केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि पूर्व में भी, कोविड-19 महामारी के कारण पूरे देश में उत्पन्न हुई अभूतपूर्व परिस्थितियों के चलते सीबीएसई को अपने सिलेबस में कटौती कर संशोधित करने के सुझाव दिए थे। केंद्रीय शिक्षा मंत्री के अनुसार, इस वर्ष कोरोना महामारी के प्रभाव के परिणामस्वरूप स्कूलों में कामकाज के दिन भी काफी घटा दिए गए थे। अधिकांश छात्रों को ऑनलाइन माध्यम से शिक्षा उपलब्ध कराई गई। ऐसी परिस्थिति में छात्र, अभिभावक और स्वयं शिक्षक भी छात्रों के हितों को देखते हुए पाठ्यक्रम में कटौती के पक्षधर थे।