केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) बारहवीं कक्षा का रिजल्ट 31 जुलाई तक जारी करेगा। ऐसे में बोर्ड की तरफ से सभी स्कूलों को निर्देश दिया गया है कि वे ग्यारहवीं कक्षा के नंबरों को 30 जून तक अपलोड करें। बोर्ड की तरफ से जारी निर्देश के मुताबिक, सभी सीबीएसई स्कूलों को 28 जून तक छात्रों के विवरण की पुष्टि करनी होगी और 30 जून तक ग्यारहवीं कक्षा के थ्योरी मार्क्स वेबसाइट पर अपलोड करने होंगे। इसके बाद ही बारहवीं कक्षा के अंकों को अपलोड करने के लिए पोर्टल खोला जाएगा। दरअसल, बोर्ड के इस कदम को स्कूलों द्वारा 11वीं के परिणामों में कोई हेरफेर न हो इस रूप में भी देखा जा रहा है।
इसे भी पढ़ें-तेलंगाना बोर्ड: 5 चरणों के जरिए चेक करें 12वीं का रिजल्ट, 100 फीसदी छात्र पास
वहीं, कुछ शिक्षकों का मानना है कि बोर्ड ने स्कूलों को बहुत कम वक्त दिया है। बोर्ड के निर्देश के मुताबिक, स्कूलों को सीधे पोर्टल पर अंक अपलोड करने होंगे। इससे यह सुनिश्चित होगा कि 12 के परिणाम को समायोजित करने के लिए स्कूलों द्वारा 11वीं कक्षा के अंकों में कई बदलाव नहीं किया गया है। कई स्कूलों ने तो बोर्ड द्वारा दिए गए कम समय पर चिंता जताई है। स्कूलों का कहना है कि हम सीबीएसई के दसवीं कक्षा के परिणाम के सारणीकरण को पूरा करने में व्यस्त हैं, जिसकी भी एक समय सीमा है। इसके अलावा, शिक्षकों के सामने सबसे बड़ी चुनौती 11वीं के परिणाम एकत्र करना और उसे अपलोड करना है।
इसे भी पढ़ें-बड़ी राहत: 6 जुलाई से चरणबद्ध तरीके से खुल सकते हैं बिहार के शैक्षणिक संस्थान, शिक्षा मंत्री ने दिए संकेत
आपको बता दें कि इस साल बारहवीं कक्षा में छात्रों को आंतरिक मूल्यांकन के जरिए पास किया जाएगा। छात्रों को 30:30:40 फार्मूले के आधार पर बारहवीं में पास किया जाएगा। जिसमे 30 फीसदी वेटेज 10वीं के सर्वश्रेष्ठ तीन विषयों के औसत का होगा और 30 फीसदी वेटेज ग्यारहवीं के अंतिम या वार्षिक परीक्षाओं का होगा। जबकि, 40 फीसदी वेटेज 12वीं के अर्धवार्षिक परीक्षाओं का होगा।