इलाहाबाद विश्वविद्यालय में शिक्षक भर्ती के लिए आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो गई है। कुल 542 पदों के लिए 19948 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। यानी एक पद के लिए 36 दावेदन हैं। अब आवेदनपत्रों की जांच की जाएगी और इसके बाद सेलेक्शन कमेटी बनाकर इंटरव्यू की प्रक्रिया शुरू होगी।
बता दें इस प्रक्रिया में कम से कम एक माह का समय लगेगा। हालांकि, विश्वविद्यालय की वेबसाइट के ठीक से काम न कर पाने के कारण कई अभ्यर्थी आवेदन से वंचित रह गए। इविवि में शिक्षक भर्ती के लिए आवेदन की आखिरी तिथि आठ अक्तूबर थी।
आवेदन के आखिरी तीन दिनों में वेबसाइट पर लोड बढ़ने से अभ्यर्थियों को काफी दिक्कत हुई। कई अभ्यर्थी आवेदन से वंचित रह गए। इसके बावजूद आवेदकों की संख्या 19948 तक पहुंच गई। इविवि में असिस्टेंट प्रोफेसर के 317 पदों, एसोसिएशन प्रोफेसर के 154 पदों, प्रोफेसर के 69 पदों के लिए भर्ती होनी है।
इसके अलावा महिला अध्ययन केंद्र में असिस्टेंट एवं एसोसिएट प्रोफेसर के एक-एक पद पर भर्ती होनी है। असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए 18091 अभ्यर्थी, एसोसिएट प्रोफेसर के लिए 1057, प्रोफेसर के लिए 714 और महिला अध्ययन केंद्र में दो पदों पर भर्ती के लिए 86 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। अब इन सभी आवेदनों की स्क्रीनिंग की जाएगी। स्क्रीनिंग के बाद सेलेक्शन कमेटी का गठन होगा और फिर इंटरव्यू की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।