हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) के लिए ऑनलाइन आवेदन एक नवंबर से भरे जाएंगे। आवेदन-पत्र भरने की अंतिम तिथि 10 नवंबर है। त्रुटियां 11 से 12 नवंबर तक ठीक करवाई जा सकती हैं। इसकी जानकारी हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. जगबीर सिंह और सचिव धीरेंद्र खड़गटा ने दी।
डॉ. जगबीर ने बताया कि आवेदन-पत्र भरते समय अभ्यर्थियों को अपना आधार नंबर भरना अनिवार्य है। लेवल-3 (पीजीटी - लेक्चरार) की परीक्षा 23 दिसंबर को दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक होगी। 24 दिसंबर को लेवल-2 (टीजीटी अध्यापक - कक्षा 6 से 8) की परीक्षा बाद प्रात: 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और लेवल-1 (प्राइमरी अध्यापक - कक्षा 1 से 5) की परीक्षा दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित करवाई जाएगी। अभ्यर्थियों का प्रवेश प्रात:कालीन सत्र में प्रात: 8:00 से 9:00 बजे तक होगा।
आवेदन-पत्र को तीन सरल चरणों में विभक्त किया गया है। प्रथम पंजीकरण, द्वितीय फोटो, हस्ताक्षर और अंगूठे का निशान और तृतीय चरण में फीस जमा करने की ऑनलाइन सुविधा दी गई है। इसे अभ्यर्थी किसी भी अधिकृत बैंक के माध्यम से जमा करवा सकते हैं।
बोर्ड सचिव ने बताया कि अभ्यर्थी इस बात का विशेष ध्यान रखें कि मोबाइल वाले कॉलम में अपना स्वयं का अथवा ऐसा मोबाइल नंबर भरें, जिस पर उन्हें सुविधापूर्वक बोर्ड की भिन्न-भिन्न सूचनाएं उपलब्ध करवाई जा सकें। पुष्टिकरण पेज अपने पास रखें तथा उसकी एक प्रति उसी फोटो व हस्ताक्षर के साथ जो पंजीकरण के साथ दिए गए हैं, परीक्षा केंद्र पर जमा करवाना आवश्यक है अन्यथा परीक्षा में बैठने नहीं दिया जाएगा।
बोर्ड सचिव ने बताया कि ऑनलाइन फार्म भरने के लिए अभ्यर्थियों की सहायता को बोर्ड मुख्यालय पर एक हेल्पलाइन स्थापित की गई है जिसे 10 लाइनों से जोड़ा गया है। इसका नंबर 01664-254646 है, जो 1 नवंबर से प्रभावी होगा।