जरूरी योग्यताएं
विदेश मंत्रालय के इंटर्नशिप प्रोग्राम के लिए उम्मीदवार का ग्रेजुएट होना जरूरी है। ग्रेजुएशन के अंतिम वर्ष के छात्र भी आवेदन कर सकते हैं, अगर उनके कोर्स में इंटर्नशिप करना अनिवार्य है। 31 दिसंबर, 2026 को आवेदक की उम्र 25 वर्ष या उससे कम होनी चाहिए।
स्टाइपेंड व यात्रा के लिए मदद मिलेगी
चयनित इंटर्न को इंटर्नशिप की अवधि के दौरान हर महीने दस हजार रुपये का मानदेय दिया जाएगा। इसके अलावा, मंत्रालय दिल्ली और उम्मीदवार के उसके राज्य की राजधानी या शहर, जहां उनका कॉलेज या विश्वविद्यालय स्थित है, के बीच एक बार आने-जाने की यात्रा का खर्च भी वहन करेगा। हालांकि, इंटर्नशिप के दौरान दिल्ली में रहने और खाने-पीने की व्यवस्था इंटर्न को स्वयं करनी होगी।
चयन प्रक्रिया
मंत्रालय एमईए इंटर्नशिप पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन चयन प्रक्रिया आयोजित करेगा। चयन दो चरणों में होगा। पहले चरण में आवेदनों की प्रारंभिक छंटनी की जाएगी और दूसरे चरण में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से व्यक्तिगत साक्षात्कार लिया जाएगा। मंत्रालय अधिकतम 30 इंटर्न का चयन करेगा। साक्षात्कार के लिए उपलब्ध सीटों की संख्या से तीन गुना तक उम्मीदवारों को बुलाया जाएगा।
प्रारंभिक छंटनी के दौरान उम्मीदवारों की बारहवीं कक्षा और स्नातक की पढ़ाई में प्रदर्शन को ध्यान में रखा जाएगा। 'ट्रांसफॉर्मेशन ऑफ एस्पिरेशनल डिस्ट्रिक्ट्स प्रोग्राम' के तहत आने वाले जिलों के उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। साक्षात्कार के चरण में एससी, एसटी, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को प्राथमिकता मिलेगी। इसके अलावा, चयन प्रक्रिया के तहत कम से कम 30 प्रतिशत सीटें महिला उम्मीदवारों के लिए निर्धारित की गई हैं।
जरूरी तिथियां
- शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों की सूची: सात अक्तूबर, 2026
- इंटरव्यू की तिथि (वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग): 17 अक्तूबर, 2026
- चुने गए उम्मीदवारों की घोषणा करने की तिथि: 23 अक्तूबर, 2026
- अवधि: अक्तूबर 2026 से मार्च 2027
आवेदन प्रक्रिया
इस इंटर्नशिप की अवधि छह महीने की होगी। उम्मीदवारों को 27 सितंबर, 2026 तक एमईए इंटर्नशिप के आधिकारिक पोर्टल internship.mea.gov.in पर अपने आवेदन जमा करने होंगे।