हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग(HSSC) हमीरपुर ने लिपिक पोस्ट कोड 484 के पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा की तिथि घोषित कर दी है। आयोग 10 मई को प्रदेश भर के सभी 29 उपमंडलों पर भर्ती परीक्षा का आयोजन करेगा। इसके लिए आयोग ने प्रदेशभर में 200 परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था की है।
कर्मचारी चयन आयोग ने बीते वर्ष विभिन्न विभागों में क्लर्क के 320 पदों को भरने के लिए आवेदन आमंत्रित किए थे। प्रदेश भर के 64 हजार से अधिक युवाओं ने क्लर्क के पद के लिए आवेदन किया। आयोग ने आवेदन पत्र आने के बाद छंटनी प्रक्रिया शुरू की। इसके बाद करीब सात हजार से अधिक आवेदनों को रद्द कर दिया गया।
रद्द हुए आवेदनों में अधिकतर आवेदन निर्धारित समयावधि के बाद आने वाले, परीक्षा शुल्क नहीं भरने वाले और शैक्षणिक योग्यता को पूरा नहीं करने वाले आवेदन शामिल हैं। छंटनी प्रक्रिया के बाद आयोग ने 57 हजार आवेदन निर्धारित मापदंडों को पूरा करने वाले पाए। आयोग ने योग्यता पूरी करने वाले सभी अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं।
आयोग के सचिव डा. जितेंद्र कंवर ने कहा कि लिपिक की परीक्षा के लिए प्रदेश भर के 29 उपमंडलों में 220 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। 10 मई को होने वाली परीक्षा के लिए सभी अभ्यर्थियों के रोलनंबर व परीक्षा केंद्र की जानकारी समेत एडमिट कार्ड आयोग वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी वेबसाइट से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।