पढ़ाई पूरी करने के बाद जॉब पाना पहली प्राथमिकता होती है। यह स्वाभाविक भी है, लेकिन जॉब पाने के लिए जरूरी योग्यताओं में व्यक्तित्व का महत्व सर्वोपरि होता है... इसके अलावा भी कुछ बातें ऐसी होती हैं जो बेहतर जॉब दिलाने में मदद करती है। आइए जानते हैं।
गुण भी दिलाते हैं बेहतर जॉब
जॉब का खाका बनाते समय बहुत से युवाओं की धारणा होती है कि अगर वे सही प्रोफेशनल कोर्स का चुनाव करें, तो जॉब पाने में उन्हें परेशानी नहीं होनी होगी। लेकिन जब आप पढ़ाई पूरी करने के बाद जॉब के लिए मार्केट में जाते हैं, तो स्थिति काफी बदली हुई होती है। इससे कुछ को आश्चर्य होता है, तो कुछ को यह लगता है कि इसकी तैयारी की जा सकती थी। दरअसल, कोई नियोक्ता उम्मीदवारों का चयन सिर्फ उसके ज्ञान और डिग्री के आधार पर नहीं करता। वह प्रतिभाशाली कर्मचारी के साथ ही अच्छे मानवीय और प्रबंधकीय गुणों को भी देखते हैं। कोई भी कंपनी उन्हें महत्व देती है, जो व्यवहारिकता के साथ वर्तमान तकनीक में बदलाव की प्रक्रिया में नई चीजों को सीखने की प्रवत्ति रखते हों। कंपनी और संस्थान उन कर्मचारियों को भी महत्व देते हैं, जो सिर्फ अच्छी सैलरी पाने के लिए ही काम नहीं करता हों। एक अच्छा कर्मचारी बनने के लिए आपका व्यक्तित्व प्रभावशाली, गंभीर और विश्वसनीय होना चाहिए। इसकी तैयारी एक-दो महीने में नहीं हो सकती। इमर्सन का भी कहना है कि 'आपका व्यक्तित्व ही सफलता की पहली सीढ़ी है।'