जीएलए विश्वविद्यालय के खेल विभाग द्वारा राष्ट्रीय खेलकूद दिवस के अवसर पर 'क्रॉस कंट्री रेस' का आयोजन किया गया। इसमें विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के 150 से अधिक छात्र छात्राओं ने हिस्सा लिया और अपनी शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन किया।
जीएलए के प्रतिकुलपति प्रोफेसर आनंद मोहन अग्रवाल ने 'क्रॉस-कंट्री रेस' का शुभारम्भ छात्रों को हरी झंडी दिखाकर किया। प्रोफेसर अग्रवाल ने छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि दौड़ लगाने से शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है और शरीर मजबूत भी बनता है।
कॉलेज के प्रथम वर्ष के छात्रों ने लिया हिस्सा
इस कार्यक्रम में अतिथि के रूप में उपस्तिथ हुए उत्तम गोस्वामी एवं कैलाश चंद्र वर्मा ने मौके पर कहा कि खेलकूद जीवन में इंद्रधनुष के रंगो की तरह है। जिस तरह इंद्रधनुष के हर रंग का एक महत्व है ठीक उसी तरह हर खेल की एक विशेषता होती है। उन्होंने कहा हमारे सामने अनेको ऐसे उदाहरण हैं जैसे जितने भी अच्छे क्रिकेटर है या फुटबॉलर हैं उनमें से कई ने प्रोफेशनल कोर्स भी किया है।
जीएलए विश्वविद्यालय क्रीड़ाधिकारी शिव कुमार यादव ने बताया कि राष्ट्रीय खेलकूद दिवस के अवसर पर आयोजित क्रॉस-कंट्री रेस की तैयारी सप्ताह पूर्व से की जा रही थी। इसके लिए विश्वविद्यालय परिसर में एक ट्रैक तैयार किया गया जिसमें सुरक्षा व मेडिकल की सुविधा के सभी इंतजाम थे। इसके साथ-साथ छात्र खेल भावना के विपरीत न जाए इसका भी पूरा ध्यान रखा गया। इस आयोजन में कॉलेज के प्रथम वर्ष के छात्रों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया।
छात्रा शिल्पी ने 13 मिनट 5 सेकेंड में दौड़ पूरी की
इस क्रॉस कंट्री रेस में सभी छात्रों ने अपनी क्षमता का भरपूर प्रदर्शन किया जिसमें बीटेक विभाग के अंतिम वर्ष के छात्र दीपक सिंह ने 11 मिनट 22 सेकेंड में दौड़ पूरी कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर निहाल आर्या रहे जिन्होंने रेस को 12 मिनट 43 सेकेंड में सामाप्त किया तथा तीसरे स्थान पर रहे आनंद यादव ने 12 मिनट 56 सेकेंड में रेस पूरी की।
वहीं छात्राओं की दौड़ में बीटेक तृतीय वर्ष की छात्रा शिल्पी ने 13 मिनट 5 सेकेंड में दौड़ पूरी कर प्रथम स्थान प्राप्त किया एवं द्वितीय स्थान पर शिवानी ने रेस को 13 मिनट 46 सेकेंड में पूर्ण किया तथा तृतीय स्थान पर संगम रही।
20 में से 10 धावक मेडल से सम्मानित हुए
क्रॉस कंट्री रेस के अंतर्गत श्रेष्ठ 20 धावकों का चयन किया गया। इन 20 धावकों में से 10 धावक मेडल से सम्मानित हुए। जीएलए के प्रतिकुलपति प्रोफेसर आनंद मोहन अग्रवाल एवं उत्तम गोस्वामी और केसी वर्मा द्वारा पुरस्कार वितरण किया गया।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में जेपी सिंह, अमित शर्मा, बृजबिहारी सिंह, मनीष शर्मा, भूपेंद्र शर्मा, मोनेश तेवटिया, अमित सिंह एवं छात्रों में अंकुश तिवारी, शिवम सिंह, हेमंत गोलू आदि उपस्तिथ रहे।