दिल्ली विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2017-18 में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया अगले सप्ताह शुरू होने जा रही है। ऐसे में दाखिले व कोर्सेज से जुड़ी जानकारी देने के लिए हर साल आयोजित होने वाले ओपन डेज की तैयारी भी शुरू हो चुकी है। नॉर्थ व साउथ कैंपस में यह ओपन डेज सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें डीयू विशेषज्ञ छात्रों व अभिभावकों के सवालों के जवाब देंगे।
बता दें कि डीयू में कॉलेज व सीटों की संख्या काफी ज्यादा है। देशभर के छात्र यहां दाखिला के इच्छुक रहते हैं। ऐसे में बाहरी राज्यों समेत दिल्ली के छात्रों के भी दाखिले से संबंधित काफी सवाल होते हैं। चूंकि छात्रों व अभिभावकों को अपने सवालों के जवाब वेबसाइट से भी नहीं मिल पाते हैं।
ऐसे में ओपन डेज में उन्हें काफी मदद करता है। इस बार करीब दस दिन ओपन डेज सत्रों को आयोजित करने की तैयारी है। इसमें कॉलेज प्रिंसिपल, विषय विशेषज्ञ व डीन स्टूडेंट वेलफेयर कार्यालय से जुड़े अधिकारी सीधे रूबरू होंगे।
बड़े पैमाने पर होंगे आयोजित
ओपन डेज में डीयू कॉलेजों में उपलब्ध कोर्सेज, आवेदन शेड्यूल, फीस ढांचे, स्पोर्ट्स व ईसीए दाखिले, पीजी एमफिल और पीएचडी दाखिले के संबंध में जानकारी दी जाएगी। प्रशासन का प्रयास है कि इस बार भी ओपन डेज बड़े पैमाने पर आयोजित किए जाएं, ताकि ज्यादा से ज्यादा छात्रों को दाखिले के संबंध में जानकारी मिल सके।
बता दें कि विवि प्रशासन ने दो साल पहले छात्रों को ई-ओपन डेज की सुविधा भी प्रदान की थी। इससे जो छात्र सीधे विशेषज्ञों से रूबरू नहीं हो सके थे, उन्हें दाखिले की जानकारी ऑनलाइन ही घर बैठे ही मिल गई थी।