आज हम पूरी दुनिया की यात्रा कुछ ही घंटों में कर सकते हैं, और यह कमाल है यातायात से संबंधित विकास का। समुद्र के जरिए भी दुनिया की सैर करना बेहद रोमांचक होता है। अगर आप भी समुद्री यातायात से जुड़ने की इच्छा रखते हैं, तो मेरिन इंजीनियरिंग अथवा शिप बिल्डिंग से संबंधित पढ़ाई करके इस क्षेत्र में कदम रख सकते हैं। इसके तहत जहाज बनाने और इसकी मरम्मत करने, जहाज के रखरखाव तथा इसकी सुरक्षा से संबंधित बातें शामिल होती हैं। नेवल आर्किटेक्ट इन समस्त कार्यों को करने में दक्ष होता है।
कार्य की रूपरेखा
यह इंजीनियरिंग की एक शाखा है, जिसका मुख्य संबंध यातायात के समुद्री साधनों से है। नेवल आर्किटेक्चर, शिपिंग टेक्नोलॉजी, शिप डिजाइनिंग, शिप कंस्ट्रक्शन, शिप मेंटिनेंस आदि के अलावा पनडुब्बियों की मरम्मत का काम नेवल आर्किटेक्ट के तहत सिखाया जाता है।
कोर्स एवं योग्यता
इंडियन मेरीटाइम यूनिवर्सिटी, कोचीन यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (सीयूओसएटी) के अलावा हिंद इंस्टीट्यूट ऑफ नॉटिकल साइंस में शिप बिल्डिंग एंड रिपेयर का कोर्स कर सकते हैं। इसके अलावा कुछ इंस्टीट्यूट में शिप बिल्डिंग में बीटेक कोर्स भी उपलब्ध है, जैसे आईआईटी मद्रास के नेवल आर्किटेक्चर और समुद्री इंजीनियरिंग में बीटेक कोर्स की काफी लोकप्रियता है। बीएससी (बिल्डिंग और रिपेयर) में दाखिला लेने के लिए अभ्यर्थी का 12वीं पास होना जरूरी है। इससे संबंधित विभिन्न प्रवेश परीक्षाओं के लिए 12वीं में फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथमेटिक्स में कम से कम 55 फीसदी अंक होना जरूरी है। आईआईटी में दाखिले के लिए जेईई (मेन एंड एडवांस्ड) में सफल होना जरूरी है। इसके अलावा आईएमयू (इंडियन मेरिटाइम यूनिवर्सिटी) द्वारा भी इस विषय से संबंधित एंट्रेंस टेस्ट का आयोजन किया जाता है।
अवसर कहां-कहां
शिप बिल्डिंग या नेवल आर्किटेक्चर से संबंधित कोर्स करने के बाद जॉब की अपार संभावनाएं हैं। प्रमुख रूप से शिपयार्ड, समुद्री जहाज, मालवाहक जलयान और मर्चेंट नेवी में अवसर उपलब्ध होते हैं। मेरिन इंजीनियर के रूप में जहाज के इंजन के रखरखाव के लिए भी मौके मिलते हैं।
आमदनी
योग्यता बढ़ने के साथ ही तरक्की की राह आसान होती जाती है और वेतन भी बढ़ता जाता है। बेहतर परफॉर्मेंस के आधार पर आप इस क्षेत्र में सीईओ तक तरक्की पा सकते हैं और आपकी सैलरी भी लाख तक पहुंच सकती है।
मुख्य संस्थान
इंडियन मेरीटाइम यूनिवर्सिटी, चेन्नई
www.imu.edu.in
हिंद इंस्टीट्यूट ऑफ नॉटिकल साइंस एंड इंजीनियरिंग, अलीगढ़
www.hinsae.com
इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पोर्ट मैनेजमेंट, कोलकाता
www.ipa.nic.in
तुलानी मेरिटाइम इंस्टीट्यूट, पुणे
www.tolani.edu
आर.एल. इंस्टीट्यूट ऑफ नॉटिकल साइंसेंज, मदुरै
www.rlinstitutes.com
उमा रावत