फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कौन हैं कैप्टन स्मित मच्छार: 13 साल का कमर्शियल एविएशन अनुभव, टेक्सटाइल बिजनेस की पढ़ाई छोड़ क्यों बने पायलट?

Thu, 01 Oct 2026 02:01 PM IST
आकाश कुमार आईएएनएस, नई दिल्ली

सार

Captain Smit Machchhar Profile: कैप्टन स्मित जून 2022 से फ्लाईदुबई के साथ काम कर रहे हैं। उनके पास कमर्शियल एविएशन में 13 साल से ज्यादा का अनुभव है। मैनेजमेंट की पढ़ाई के दौरान एविएशन से जुड़े एक सेमिनार में शामिल होने के बाद उनकी दिलचस्पी विमान उड़ाने में बढ़ी।
 
विज्ञापन
Captain Smit Machchar - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Captain Smit Machchhar Profile: फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार इन दिनों चर्चा में हैं। कमर्शियल एविएशन में 13 साल से ज्यादा का अनुभव रखने वाले कैप्टन स्मित ने बोइंग 737 विमान पर करीब 10,000 घंटे की उड़ान पूरी की है। लेकिन पायलट बनने तक का उनका सफर सीधा नहीं था। उन्होंने शुरुआत में अपने परिवार के टेक्सटाइल बिजनेस से जुड़ी पढ़ाई की थी। बाद में एविएशन के क्षेत्र में करियर बनाने का फैसला किया।

विज्ञापन

कैसे शुरू हुआ पायलट बनने का सफर?

एक पॉडकास्ट में कैप्टन स्मित ने अपने पायलट बनने के सफर के बारे में बताया था। उन्होंने कहा था कि मैनेजमेंट की पढ़ाई के दौरान एविएशन से जुड़े एक सेमिनार में हिस्सा लिया। इस दौरान उनकी दिलचस्पी विमान उड़ाने में बढ़ी। इसके बाद उन्होंने न्यूजीलैंड में पायलट ट्रेनिंग ली।

कैप्टन स्मित के मुताबिक, उस समय उनकी पायलट ट्रेनिंग पर करीब 16 से 17 लाख रुपये खर्च हुए थे। एविएशन में करियर बनाने के उनके फैसले को लेकर परिवार में भी अलग-अलग प्रतिक्रिया थी। उन्होंने बताया था कि उनकी मां शुरुआत में इस फैसले को लेकर चिंतित थीं, जबकि उनके पिता इस फैसले को लेकर ज्यादा सहज थे।

2011 में स्पाइसजेट से शुरू किया करियर

  • कैप्टन स्मित ने वर्ष 2011 में स्पाइसजेट के साथ अपने करियर की शुरुआत की।
  • भारत की इस लो-कॉस्ट एयरलाइन में उन्होंने एक दशक से ज्यादा समय तक काम किया।
  • इस दौरान उन्होंने अलग-अलग जिम्मेदारियां संभालीं। इनमें लाइन-ट्रेनिंग कैप्टन और सीनियर कमांडर जैसी भूमिकाएं भी शामिल थीं।
  • करीब एक दशक से ज्यादा समय तक स्पाइसजेट के साथ काम करने के बाद उन्होंने एयरलाइन बदली।
  • वर्ष 2022 में वह डायरेक्ट-एंट्री कैप्टन के तौर पर फ्लाईदुबई से जुड़े।

जून 2022 से फ्लाईदुबई के साथ

  • कैप्टन स्मित की लिंक्डइन प्रोफाइल के मुताबिक, वह जून 2022 से फ्लाईदुबई के साथ काम कर रहे हैं। उनकी प्रोफेशनल प्रोफाइल का हवाला देने वाली रिपोर्ट्स के मुताबिक, कमर्शियल एविएशन में उनके पास 13 साल से ज्यादा का अनुभव है।
  • उन्होंने बोइंग 737 विमान पर करीब 10,000 घंटे की उड़ान पूरी की है। यही लंबा उड़ान अनुभव अब फ्लाइट एफजेड1073 की घटना के बाद उनकी प्रोफाइल को चर्चा में ला रहा है।
विज्ञापन

क्यों चर्चा में आए कैप्टन स्मित मच्छार?

  • कैप्टन स्मित की चर्चा की वजह फ्लाईदुबई की फ्लाइट एफजेड1073 है।
  • यह विमान दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से इजरायल के बेन गुरियन इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए जा रहा था।
  • विमान में 170 से ज्यादा यात्री सवार थे।
  • उड़ान के दौरान फ्लाइट डेक यानी कॉकपिट में एक घटना हुई। 
  • फ्लाईदुबई ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि घटना के बाद विमान का रास्ता बदलकर उसे सऊदी अरब के तबुक ले जाया गया, जहां विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की।

फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार को इजरायली अधिकारियों ने उड़ान के दौरान एक बड़ा हादसा टालने में मदद करने का श्रेय दिया है। फ्लाइट एफजेड1073 के कॉकपिट में हुई हिंसक झड़प के बाद वह चर्चा में आए हैं। दुबई से तेल अवीव जा रही इस फ्लाइट को सऊदी अरब की ओर मोड़ना पड़ा। आरोप है कि कैप्टन स्मित पर उनके को-पायलट ने चाकू से हमला किया था।

बोइंग 737 विमान में 170 से ज्यादा यात्री सवार थे। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के मुताबिक, को-पायलट ने कैप्टन स्मित पर हमला किया और विमान के कंट्रोल में दखल देने की कोशिश की।

रिपोर्ट के मुताबिक, घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे। इससे एक क्रू मेंबर और कुछ यात्री अंदर पहुंच सके और दूसरे पायलट को काबू करने में मदद मिली। झड़प के दौरान विमान अचानक काफी तेजी से नीचे आने लगा। बाद में विमान पर दोबारा कंट्रोल हासिल कर लिया गया। इसके बाद फ्लाइट को उत्तर-पश्चिमी सऊदी अरब के तबुक की ओर मोड़ दिया गया, जहां विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की।

सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की बात कही गई जबकि दोनों पायलटों को इलाज के लिए ले जाया गया। बाद में रियाद में भारतीय दूतावास ने बताया कि कैप्टन कैप्टन स्मित की हालत स्थिर है।

एयरलाइन ने क्या कहा?

एयरलाइन ने कहा कि घटना की जांच के दौरान इजरायल आने-जाने वाली उसकी उड़ानें निलंबित रहेंगी। इजरायल के पीएम नेतन्याहू ने कैप्टन स्मित के साथ-साथ उन यात्रियों और क्रू मेंबर्स की भी तारीफ की, जिन्होंने कॉकपिट में हुई झड़प के दौरान मदद की।

हालांकि, दूसरे पायलट के हमले के पीछे क्या मकसद था और कॉकपिट के अंदर घटनाएं किस क्रम में हुईं, इसकी जांच अभी चल रही है। फ्लाईदुबई ने जांच पूरी होने से पहले अटकलें नहीं लगाने की अपील की है। इमरजेंसी लैंडिंग के बाद यात्रियों को बाद में इजराइल पहुंचाया गया जबकि अधिकारी घटना की जांच करते रहे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें