हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड (बीएसईएच), भिवानी के अध्यक्ष जगबीर सिंह ने कहा कि सीनियर सेकेंडरी ओपन स्कूल के नए वर्ग के पूर्ण विषयों के अभ्यर्थियों का परिणाम सभी विषयों में न्यूनतम 33 प्रतिशत उत्तीर्ण अंक देकर घोषित किया गया है।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ माध्यमिक वार्षिक परीक्षा अप्रैल 2021 के लिए जिन अभ्यर्थियों ने आंशिक विषय अंक सुधार/ पूर्ण विषय अंक सुधार एवं अतिरिक्त विषयों के लिए आवेदन किया था, उन्हें 18 अगस्त, 2021 से शुरू होने वाली परीक्षा में बिना किसी आवेदन शुल्क के शामिल होने की अनुमति दी जाएगी।
गौरतलब है कि इससे पहले, सोमवार, 26 जुलाई को बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन हरियाणा (BSEH), भिवानी ने कक्षा 12वीं के परिणाम घोषित किए थे। बता दें कि इस साल 2.27 लाख से अधिक छात्रों ने हरियाणा बोर्ड कक्षा12वीं की परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था। बोर्ड ने जुलाई 2021 के महीने में मूल्यांकन मानदंड जारी किए थे। मानदंड केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के मूल्यांकन फॉर्मूले के समान थे।
बोर्ड अध्यक्ष अध्यक्ष जगबीर सिंह ने कहा था कि वरिष्ठ माध्यमिक (नियमित) परीक्षा के लिए कुल 2,27,585 उम्मीदवारों में से 2,21,263 उम्मीदवारों के परिणाम घोषित किए गए हैं, जिसमें 1,14,416 लड़के हैं और 1,06,847 लड़कियां हैं। स्वयंपाठी परीक्षा के कुल 5,605 उम्मीदवारों के भी परिणाम घोषित किए गए हैं, जिसमें 3,893 लड़के और 1,782 लड़कियां हैं।