बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB - Bihar School Education Board) / बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट की परीक्षा सोमवार, 3 फरवरी 2020 से शुरू हो चुकी है। इस साल इस परीक्षा के लिए कुल 12,05,390 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें से करीब 5.38 लाख छात्राएं और 6.56 लाख छात्र हैं। परीक्षा के संचालन में प्रशासन काफी सख्ती बरत रहा है। यहां तक कि छात्र-छात्राओं के जूते-मोजे तक उतरवा दिए जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें : ISRO जाकर वैज्ञानिकों का काम सीखने का मौका, स्कूली छात्र ऐसे करें आवेदन
बिहार बोर्ड ने मैट्रिक और इंटर की परीक्षाओं के लिए एक मोबाइल एप भी लॉन्च किया है, जिसका नाम है बीएसईबी मोबाइल एप (BSEB Mobile App)। छात्र या अभिभावक इसे गूगल प्ले स्टोर (Google Play Store) या एपल स्टोर (Apple Store) से डाउनलोड कर सकते हैं। बोर्ड के अनुसार, विद्यार्थी इस एप के जरिए अपना फाइनल एडमिट कार्ड, डमी एडमिट कार्ड, रजिस्ट्रेशन कार्ड समेत अन्य जरूरी चीजें पा सकते हैं। इस एप में बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े जरूरी दिशानिर्देश, घोषणाएं और सूचनाएं भी मिल जाएंगी। इसके अलावा विद्यार्थी इस एप के जरिए प्रशासन से परीक्षा से जुड़े जरूरी सवाल भी पूछ सकते हैं।
गौरतलब है कि बिहार बोर्ड दो पालियों में परीक्षाओं का आयोजन कर रहा है। पहली पाली सुबह 9.30 बजे से दोपहर 12.45 बजे तक और दूसरी पाली का संचालन दोपहर 1.45 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। परीक्षार्थियों को दो पालियों में परीक्षा शुरू होने के समय से 15 मिनट पहले ही प्रश्नपत्र दे दिए जाएंगे। ये समय प्रश्नपत्र को ध्यान से पढ़ने के लिए मिलेगा।