कोरोना वायरस की वजह से बिहार बोर्ड की दसवीं कक्षा की कॉपियों का मूल्यांकन स्थगित हो गया है। बोर्ड की कॉपियों का मूल्यांकन 14 अप्रैल तक स्थगित कर दिया गया है। बिहार विद्यालय परीक्षा बोर्ड ने मंगलवार को बयान जारी कर यह जानकारी दी है।
आपको बता दें कि इससे पहले बिहार बोर्ड की दसवीं कक्षा की कॉपियों का मूल्यांकन 31 मार्च तक स्थगित हुआ था लेकिन अब इसे लॉकडाउन समय सीमा तक स्थगित कर दिया गया है। कोरोना वायरस से बचाव के लिए इस वक्त देश में 21 दिन का लॉकडाउन चल रहा है जो कि 14 अप्रैल को समाप्त होगा। ऐसे में अब बिहार बोर्ड की दसवीं कक्षा की कॉपियों का मूल्यांकन इसके बाद ही शुरू होगा।
हालांकि, अभी बोर्ड ने कॉपियों के मूल्यांकन की अगली तारीख की घोषणा नहीं की है। इससे पहले 22 मार्च को बिहार बोर्ड की दसवीं कक्षा की कॉपियों का मूल्यांकन स्थगित किया गया था। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 31 मार्च तक के लॉकडाउन की घोषणा के साथ ही शिक्षा बोर्ड ने कॉपियों का मूल्यांकन भी स्थगित कर दिया था। लेकिन अब दसवीं की कॉपियों का मूल्यांकन 14 अप्रैल तक टाल दिया गया है। गौरतलब है कि देश में लॉकडाउन की वजह से कई प्रतियोगी परीक्षाओं को भी स्थगित कर दिया गया है। इसके अलावा, स्कूल और कॉलेजों की परीक्षाओं को भी टाल दिया गया है। जेईई और नीट जैसी परीक्षाओं की तारीख भी आगे बढ़ा दी गई है।