सोशल मीडिया पर बेंगलुरु की स्कूली छात्राओं के दो समूहों के बीच लड़ाई का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में छात्राएं लात-घूंसों और डंडों से एक दूसरे को पीटती नजर आ रही है। बड़ी बात यह है कि सभी छात्राएं स्कूल ड्रेस में मौके पर मौजूद थीं। यह घटना कब की है और इसका कारण क्या है इस बात का खुलासा अब तक नहीं हो पाया है। सोशल मीडिया पर लोगों का मानना है कि यह लड़ाई दो स्कूलों के समूह के बीच थी।
लात-घूंसे और डंडों का इस्तेमाल
वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा रहा है कि लड़कियां एक-दूसरे पर लात-घूंसों से वार कर रही हैं। कोई किसी के बाल खींच रहा है तो कोई थप्पड़ मार रहा है और नीचे की ओर धक्का दे रहा है। वहीं, एक छात्रा के हाथों में डंडा भी है जिसका वह इस्तेमाल कर रही है और मौके पर बहुत शोर हो रहा है। मौके पर कुछ लड़के भी मौजूद थे। यूजर्स का कहना है कि इनमें से कुछ लड़कियां बेंगलुरु के मशहूर बिशप कॉटन गर्ल्स स्कूल की थीं।
कई को आई चोट
इस वायरल हो रहे वीडियो में साफ तौर पर दिख रहा है कि कई छात्राओं को चोटें आई है। कई लोगों ने मामले में बीच-बचाव किया और छात्राओं को अलग करने की भी कोशिश की। स्कूल के अधिकारियों ने न तो लड़ाई में हस्तक्षेप किया और न ही अब तक मामले पर कोई बयान जारी किया है। हालांकि, ट्विटर पर कई ऐसे अकाउंट हैं जो कह रहे हैं कि वह इस घटना के समय वहीं मौजूद थे।