देश में बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामलों को देखते हुए आंध्र प्रदेश सरकार ने कक्षा दसवीं की बोर्ड परीक्षाओं को कुछ समय के लिए स्थगित कर दिया है। अब जुलाई माह में परिस्थितियों की समीक्षा करने के बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा। यह जानकारी मुख्यमंत्री के ऑफिस (सीएमओ) द्वारा दी गई है। बता दें कि प्रदेश में 7 जून से 16 जून तक कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा आयोजित की जानी थी। हालांकि बच्चों और शिक्षकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इसे टाल दिया गया है।
जनहित याचिका की सुनवाई के दौरान सरकार ने दिया यह जवाब
राज्य सरकार कोरोना महामारी के बावजूद कक्षा दसवीं की परीक्षाएं आयोजित कराने चाहते थे। किंतु सरकार के इस फैसले के खिलाफ कुछ अभिभावकों ने हाई कोर्ट में जनहित याचिका दायर कर परीक्षाओं को रद्द करने की मांग की थी। जिसकी सुनवाई के दौरान सरकार ने हाई कोर्ट को यह सूचित किया कि वह इंटरमीडिएट परीक्षाओं को कुछ समय के लिए स्थगित कर रहे हैं। जुलाई में कोरोना से उत्पन्न परिस्थितियों की समीक्षा करने के बाद नई तारीखों का एलान किया जाएगा।
12वीं परीक्षाएं पहले ही हो चुकी हैं स्थगित
इससे पहले, हाई कोर्ट के सुझाव के बाद आंध्र प्रदेश सरकार ने इंटरमीडिएट या कक्षा 12वीं की परीक्षाओं को स्थगित कर दिया था। यह परीक्षाएं 6 मई से 23 मई तक आयोजित की जानी थी।