10 नवंबर तक जमा कर सकेंगे शुल्क
पंजीकृत उम्मीदवारों के पास फीस भुगतान के लिए 10 नवंबर तक का समय होगा। इसके बाद, आवेदन में सुधार का मौका दिया जाएगा। 12 नवंबर से 14 नवंबर के बीच ऑनलाइन फॉर्म में करेक्शन कर सकेंगे।
इन विवरणों में कर सकेंगे बदलाव
उम्मीदवार या उनके अभिभावक सुधार विंडो खुलने पर अपने आवेदन पत्र में कुछ जानकारियों को बदल सकेंगे। लेकिन सभी विवरणों में बदलाव की अनुमति नहीं होगी। एनटीए ने साफ बताया है कि कौन से फील्ड संपादन योग्य हैं और कौन से नहीं।
कुछ जानकारियां ऐसी हैं जिन्हें बदलने की अनुमति नहीं होगी, जैसे कि उम्मीदवार का नाम, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और पता। ये विवरण सुधार विंडो में संशोधित नहीं किए जा सकेंगे।
वहीं, अन्य विवरण जैसे पिता का नाम, माता का नाम, जन्म तिथि, लिंग, श्रेणी, कक्षा, माध्यम, फोटोग्राफ, हस्ताक्षर और विभिन्न प्रमाण पत्रों को उम्मीदवार बदल सकते हैं। इसके अलावा, परीक्षा शहर की प्राथमिकता भी बदली जा सकती है, लेकिन यह बदलाव केवल उसी राज्य या संघ राज्य क्षेत्र के भीतर किया जा सकेगा।
18 जनवरी को होगी प्रवेश परीक्षा
कक्षा 6 और 9 में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा का आयोजन 18 जनवरी, 2026 (रविवार) को होगा। सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा ओएमआर शीट पर पेन और पेपर मोड में देश के 190 शहरों में ऑफलाइन आयोजित की जाएगी।
आवेदन फीस
जनरल, ओबीसी (एनसीएल), डिफेंस, एक्स सर्विसमैन के लिए आवेदन शुल्क 850 रुपए व एससी और एसटी वर्ग के लिए 700 रुपए शुल्क देना होगा।
अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा पैटर्न
कक्षा 6 में दाखिल के लिए प्रवेश परीक्षा का आयोजन हिंदी और अंग्रेजी समेत कुल 13 भाषाओं में किया जाएगा। सैनिक स्कूल कक्षा 6 प्रवेश परीक्षा कुल 150 मिनट की होगी। कुल 125 प्रश्न होंगे। पेपर 300 अंक का होगा।
कक्षा 9 में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा अंग्रेजी में आयोजित की जाएगी। सैनिक स्कूल कक्षा 9 प्रवेश परीक्षा 180 मिनट की होगी। कुल 150 सवाल पूछे जाएंगे। पेपर 400 नंबर का होगा।
पास होने के लिए चाहिए होंगे इतने अंक
छात्र के हर सेक्शन में कम से कम 25 फीसदी और एग्रीगेट 40 फीसदी मार्क्स आना जरूरी है। एससी, एसटी विद्यार्थियों के लिए यह शर्त नहीं है।