विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की वार्षिक परीक्षा, ऑनलाइन परीक्षा, अकादमिक सत्र 2020, ऑनलाइन क्लासेज समेत अन्य मुद्दों पर गठित दोनों कमेटी ने शुक्रवार देर शाम अपनी रिपोर्ट सौंप दी है। यूजीसी अब इस रिपोर्ट को मानव संसाधन विकास मंत्रालय (एचआरडी) को सौंपेगी।
यूजी व पीजी के छात्रों को करें प्रमोट
सूत्रों के मुताबिक, कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि ऑनलाइन परीक्षा फिलहाल भारत में संभव नहीं है। क्योंकि विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के पास उस तरह का इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं है। इसलिए जिन विश्वविद्यालयों के पास ऐसी सुविधा है, वे ऑनलाइन परीक्षा करवा सकते हैं। जबकि अन्य हालात ठीक होने का इंतजार करें या फिर अपनी अकेडमिक काउंसिल में प्रस्ताव लाएं कि स्नातक और स्नातकोत्तर प्रोग्राम के पहले और दूसरे वर्ष के छात्रों को पिछले सेमेस्टर के आधार पर प्रमोट किया जाए।
शनिवार व रविवार को ऑनलाइन क्लासेज
पाठ्यक्रम पूरा करने के लिए अकादमिक सत्र 2020 में शनिवार व रविवार को भी घर से ऑनलाइन क्लासेज चलेंगी। एक्सट्रा क्लास का भी विकल्प देखा जाएगा। दिसंबर की छुट्टियों को मर्ज करने, बड़े त्योहार को छोड़कर बाकी छुट्टियों को समाप्त करने की भी सिफारिश है। कुल मिलाकर अकादमिक सत्र 2020 छोटा होगा और जरूरी पाठ्यक्रम की ही पढ़ाई होगी।
उच्च शिक्षण संस्थानों में सितंबर से शुरू हो सकता है अकादमिक सत्र
उच्च शिक्षण संस्थानों और विश्वविद्यालयों में अगस्त या सितंबर में अकादमिक सत्र 2020 शुरू होने की संभावना है। क्योंकि विश्वविद्यालयों, इंजीनियरिंग, मेडिकल, आर्किटेक्चर कॉलेज में बोर्ड परीक्षा और जेईई मेन व नीट परीक्षा के रिजल्ट के बगैर दाखिले नहीं हो सकते हैं।