महाराष्ट्र के अहमदनगर के जवाहर नवोदय विद्यालय में कोरोना विस्फोट का मामला सामने आया है। विद्यालय में 19 छात्रों के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद 450 छात्रों की जांच की गई थी। रिपोर्ट सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या अब बढ़ कर 51 हो गई है। इनमे 3 संक्रमित विद्यालय के ही कर्मचारी हैं।
घटना के सामने आने के बाद प्रशासन ने विद्यालय को सील कर दिया है। वहीं, पूरे क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। यह विद्यालय महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के तकली धोकेश्वर में स्थित है। घटना के सामने आने के बाद सभी संक्रमित छात्रों को अस्पताल और आइसोलेशन में भेज दिया गया है। खबरों के मुताबिक ज्यादातर छात्रों में लक्षण कोरोना के काफी सामान्य हैं।
देश भर में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के मामलों की संख्या लगातार बढ़ती ही जा रही है। अब तक देश भर में इस संक्रमण के 450 से अधिक मामले सामने आ गए हैं। इनमे सबसे ज्यादा संख्या महाराष्ट्र से आई है। यहां ओमिक्रॉन से संक्रमित मरीजों की संख्या 110 है। अब तक 42 मरीज ठीक हो कर घर लौट चुके हैं।
अन्य राज्यों में भी बुरे हालात
देश भर के विभिन्न राज्यों के स्कूलों में कोरोना वायरस (Covid-19) की दहशत लौट आई है। इससे पहले हिमाचल के बिलासपुर में 23, पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में 29, हरियाणा के अंबाला में चार तो पंजाब के जालंधर में 25 छात्र कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। इससे एक बार फिर बड़े खतरे की आशंका दिखाई दे रही है। एक तो सर्दी का मौसम और दूसरा स्कूलों में परीक्षाओं का सीजन दोनों के कारण अभिभावकों की भी चिंताएं बढ़ने लगी हैं। हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर के भुलस्वाएं गांव में बुधवार को कोरोना संक्रमण के कारण एक व्यक्ति की मौत होने से दहशत का माहौल है। वहीं, बुधवार को जिले के देलग स्कूल के 23 बच्चे भी कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं।