नीट पीजी काउंसलिंग 2021 को जल्द से जल्द शुरू करने की मांग को लेकर रेजिडेंट डॉक्टर्स असोसिएशन की तरफ से लगातार प्रदर्शन किया जा रहा है। अब डॉक्टरों की कई राज्यों की एसोसिएशन ने सरकार को चेतावनी देते हुए सामूहिक इस्तीफा दे देंगे। डॉक्टर अपनी सभी सेवाओं को बंद कर देंगे। फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (FORDA) ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए केंद्र सरकार से मांग की है कि सुप्रीम कोर्ट में चल रही सुनवाई को फास्ट ट्रैक करके जल्द से जल्द नीट पीजी काउंसलिंग 2021 को शुरू किया जाए।
फोर्डा ने अपने बयान में कहा है कि हाल ही में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के कार्यालय निर्माण भवन में दिल्ली के रेजिडेंट डॉक्टरों ने प्रदर्शन किया था। यहां पर डॉक्टरों ने दिए जलाकर विरोध जताते हुए अपनी मांगों को दोहराया था। बीते कई दिनों से देश भर के रेजिडेंट डॉक्टर प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शन में पंजाब,हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई रेजिडेंट डॉक्टर भी शामिल हुए थे।
नीट पीजी काउंसलिंग 2021 को जल्द से जल्द शुरू करने की मांग को रेजिडेंट डॉक्टर लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। दिल्ली, हरियाणा समेत विभिन्न राज्यों के डॉक्टर हाथों में बैनर, पोस्टर लिए एक साथ इकट्ठा होकर मार्च भी निकाल रहे हैं। इसमें डॉक्टरों की ये ही मांग है कि काउंसलिंग को जल्द से जल्द शुरू करके नए बैच के डॉक्टरों की भर्तियां हो जाएं। अगर ऐसा समय पर नहीं हुआ तो कहीं यह फैसला करने में देरी न हो जाए क्योंकि मौजूदा परिस्थिति को देखते हुए कोरोना की तीसरी लहर के दस्तक देने की आशंकाएं भी तेज हो रही हैं।
कई डॉक्टरों ने अपनी परेशानी के बारे में जिक्र करते हुए कहा है काउंसलिंग में देरी होने से नए बैच के डॉक्टरों को उचित तरह से प्रशिक्षण मिलने में देरी हो जाएगी। देश के रेजिडेंट डॉक्टर कोविड-19 महामारी के कारण पहले से ही बोझ से दबे और थके हुए हैं, इसके बाद भी उन्हें शारीरिक और मानसिक संकट से कोई राहत नहीं मिल रही है। सभी की मांग है कि जल्द से जल्द नीट पीजी काउंसलिंग 2021 शुरू हो जाए।