NEET 2020: नीट परीक्षा के मूल्यांकन प्रणाली को लेकर एक छात्रा ने बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। शून्य नंबर आने के बाद छात्रा ने परीक्षा मूल्यांकन प्रणाली में कई खामियां बताते हुए कोर्ट में याचिका दायर की। याचिका में छात्रा ने कहा कि उसे नीट परीक्षा के रिजल्ट में 720 में से कम से कम 600 नंबर आने की उम्मीद थी, लेकिन अपना स्कोर देखकर वह हैरान रह गई।
क्या है पूरा मामला?
अदालत में छात्रा का पक्ष रख रहे एडवोकेट अश्विन देशपांडे ने कहा कि छात्रा के बारहवीं में 81.85 फीसदी नंबर आए थे। छात्रा को नीट में कम से कम 600 नंबर लाने की उम्मीद थी। एनटीए की तरफ से छात्रा की ओएमआर शीट भी अपलोड नहीं की गई है। उसे 720 में से शून्य नंबर दिए गए हैं। ऑनलाइन मूल्यांकन प्रणाली में जरूर खामियां हैं।
कोर्ट ने एनटीए से कहा- स्पष्ट करें छात्रा की ओएमआर शीट अपलोड की गई या नहीं
कोर्ट ने नीट परीक्षा आयोजित करने वाली संस्था एनटीए से कहा है कि वह अगली सुनवाई तक स्पष्ट करे कि क्या छात्रा की ओएमआर शीट अपलोड की गई है या नहीं। हालांकि, यह पहला मामला नहीं है जब इस बार नीट परीक्षा के रिजल्ट को लेकर खामियां सामने आई हैं। एक दूसरे मामले में नीट मार्कशीट में फेल हुआ छात्र संशोधित मार्कशीट के बाद एसटी कैटेगिरी में ऑल इंडिया टॉपर निकला है।