चुनाव में जीत हासिल करने के लिए आजकल हिमाचल के कई बड़े बड़े नेता दौड़भाग कर रहे हैं। गली मोहल्ले में जाकर वोट मांग रहे हैं। यही नहीं, गांव में कई किलोमीटर पैदल चलकर लोगों तक पहुंच रहे हैं।
इनमें ज्यादातर नेता ऐसे हैं जो गांव के लोगों ने इससे पहले विधानसभा चुनाव में देखे थे। उसके बाद जीत मिली तो ये भी गायब हो गए। न लोग याद आए न वो गांव, जहां इन्होंने बड़े बड़े वायदे किए थे।
एक नेता ऐसे ही अपनी पलटन के साथ सोलन के एक गांव पहुंचे। यहां नेताजी का किसी ने स्वागत नहीं किया। नेताजी फिर हाथ जोड़कर वोट मांगने लगे। तो कुछ लोगों ने कह दिया, हम तो हमेशा ही आपके साथ है। पता नहीं आप ही क्यों हमें भूल जाते हैं।
नेताजी ने फिर वायदे किए तो लोगों ने कहा कि जनाब ये वायदे तो आपने पिछले चुनाव में भी किए थे। कब पूरे होंगे। नेताजी बात न बनती देख अपना छोटा सा मुंह लिए यहां से चले गए।
इनके जाने के बाद लोगों ने कहा भईया ये नेता तो बरसाती मेंढक है। चुनाव में ही दिखता है। आगे पीछे कभी इसे हमारी याद नहीं आती। अबकी बार इसे सबक जरूर सिखाएंगे।