नई दिल्ली। वैलेंटाइन डे पर बाइक को लेकर गर्लफ्रेंड के ताना मारने पर बाइक चोर बने युवक को पुलिस ने उसके सहयोगी के साथ गिरफ्तार किया है। युवक ने पुलिस को बताया कि उसकी गर्लफ्रेंड ने उसे ताना मारा था जिसके बाद वह बाइक चुराने लगा। पुलिस ने इन आरोपियों से 4 बाइक और 5 स्कूटी बरामद की हैं। जिला पुलिस उपायुक्त ऐंटो अल्फोंस ने बताया कि आरोपियों की पहचान ललित कुमार और शाहीद के रूप में हुई है। ललित मूलत: बिहार का रहने वाला है और वाटर प्लांट में काम करता था। पुलिस ने इस गिरफ्तारी से आठ मामले सुलझाने का दावा किया है।
स्पेशल स्टाफ के निरीक्षक नवीन कुमार की टीम ने शुक्रवार को द्वारका सेक्टर-3 में मटियाला स्थित जेजे कॉलोनी इलाके में चोरी की बाइक पर पहुंचे दोनों बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की और बाइक व स्कूटी बरामद की। ललित ने पूछताछ में बताया कि वैलेंटाइन डे पर उसकी गर्लफ्रेंड ने उसके पास बाइक नहीं होनेे पर ताना मारा था। वह तेज रफ्तार बाइक की सवारी करना चाहती थी। उसके बाद ललित गुस्से में अपने सहयोगी के साथ मिलकर ताबड़तोड़ बाइक चुराने लगा और फिर गर्लफ्रेंड को चोरी की बाइक पर घुमाने लगा।