पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा, चाकू बरामद
दो माह पूर्व हुए झगड़ा का बदला लेने के लिए दिया वारदात को अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। दिवाली पर कपड़े खरीदने निकले एक युवक की चाकू से वार कर हत्या कर दी गई। मृतक की शिनाख्त शिवम (19) के रूप में हुई है। नंद नगरी थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया। छानबीन के बाद पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों राज, चेतन और कैफ को गिरफ्तार कर इनके पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया। छानबीन के बाद पुलिस को पता चला है कि आरोपियों का शिवम से दो माह पूर्व झगड़ा हुआ था। उसका बदला लेने के लिए आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार के हवाले कर दिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से इस बात का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वारदात में और कितने लोगों का हाथ है। मामले की छानबीन जारी है।
पुलिस के मुताबिक शिवम परिवार के साथ सुंदर नगरी, नंद नगरी में रहता था। परिवार में पिता नरेश कुमार, मां, बड़ा भाई पवन कुमार और एक बहन है। शिवम गांधी नगर में एक दुकान पर काम करता था। शनिवार रात वह घर से कपड़े खरीदने के लिए निकला। इस बीच डिस्पेंसरी के पास आरोपी उसे मिल गए।
आरोपी उससे बहस करने लगे। इस बीच दो आरोपियों ने चाकू निकाला और शिवम पर हमला कर दिया। शिवम जान बचाने के लिए भागा, लेकिन आरोपियों ने उसे दौड़ा-दौड़ाकर चाकू मारे। बाद में वह फरार हो गए। शिवम वहीं पर गिर गया। खबर मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और शिवम को राजीव गांधी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।