यमुना पर क्रूज के कामों का किया उच्च स्तरीय निरीक्षण
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राजधानी में पहली बार यमुना नदी पर शुरू होने जा रही क्रूज सेवा की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। मंगलवार को सोनिया विहार में उच्च-स्तरीय निरीक्षण के दौरान केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, उपराज्यपाल वीके सक्सेना, दिल्ली सरकार के जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा और पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा भी मौजूद रहे।
चारों नेताओं ने निर्माण, सुरक्षा प्रबंधन, यात्री सुविधाओं और क्रूज रूट की प्रगति का विस्तृत आंकलन किया। यमुना पर प्रस्तावित यह क्रूज सेवा दिल्ली में जल-परिवहन और पर्यटन को नया आयाम देने वाली सबसे महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक मानी जा रही है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि केंद्र सरकार, उपराज्यपाल कार्यालय और दिल्ली सरकार के संयुक्त सहयोग से परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है। सोनिया विहार से जगतपुर तक क्रूज संचालन के लिए नदी किनारे बुनियादी ढांचा तैयार किया जा रहा है, जिसमें आधुनिक सुरक्षित बोर्डिंग व्यवस्था और पर्यटकों के लिए सुविधाजनक तंत्र शामिल है। पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने निरीक्षण के बाद कहा कि यमुना पर क्रूज सेवा की शुरुआत दिल्ली के पर्यटन ढांचे में ऐतिहासिक बदलाव लाने वाली साबित होगी। यह सिर्फ क्रूज सेवा नहीं है, बल्कि दिल्ली को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने का नया आत्मविश्वास है। इससे रोजगार बढ़ेगा, आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी और यमुना की सांस्कृतिक पहचान को नया जीवन मिलेगा। परियोजना के तहत इन्लैंड वाटरवेज अथॉरिटी ऑफ इंडिया (आईडब्ल्यूएआई) और दिल्ली सरकार के बीच हुए एमओयू को क्रूज टूरिज्म को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।