नई दिल्ली। हरियाणा की हथिनी कुंड बैराज से अतिरिक्त पानी पानी छोड़ जाने के बाद यमुना का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। बुधवार को पुराने लोहे पुल के नजदीक यमुना का जलस्तर 203.78 मीटर दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में हथिनी कुंड बैराज से और पानी छोड़े जाने के कारण यमुना के जलस्तर में अभी और वृद्धि देखने को मिल सकती है।
सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के एक अधिकारी के अनुसार, सुबह आठ बजे तक हथिनी कुंड बैराज से 13,433 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। मंगलवार शाम छह बजे तक यमुना का जलस्तर 203.98 मीटर दर्ज किया गया था। यह खतरे के निशान 204.50 मीटर के करीब है। अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार शाम पांच बजे तक यमुना में पानी का बहाव 36,557 क्यूसेक था। यह पिछले 24 घंटों में अधिकतम रहा है। वहीं, अगले 48 घंटों में यमुना का जलस्तर बढ़ने की आशंका है।