-सीआर पार्क समेत अनेक इलाके मां दुर्गा की भक्ति में रंगे नजर आए, पंडालों में उमड़ी भीड़
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की तरह राजधानी के सीआर पार्क समेत अनेक इलाके मां दुर्गा की भक्ति में रंग गए हैं। पंडालों में सोमवार को मां दुर्गा की पूजा अर्चना करने का सिलसिला शुरू हो गया। महलरूपी पंडालों में मां की आराधना करने के लिए पहले दिन श्रद्धालुओं की अपार भीड़ जुटी। अनेक स्थानों पर पंडालों में संगीत, खेल आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
राजधानी स्थिति चितरंजन पार्क, सफदरजंग एंक्लेव, काली बाड़ी, आरामबाग मिंटो रोड, द्वारका, चांदनी चौक, कनाट प्लेस, कापसहेड़ा समेत स्थानों पर पंडालों में सुबह मां दुर्गा का अभिषेक किया गया। आरती होने के बाद श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना करने का सिलसिला शुरू हो गया। पूरे दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दुर्गा की पूजा करने के लिए पहुंचे। शाम को तो पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ हो गई। देर शाम तक श्रद्धालुओं से पंडाल भरे रहे।
उधर दक्षिण दिल्ली स्थित सीआर पार्क में करीब 50 पंडालों में मां दुर्गा की मूर्ति स्थापित की गई। रामाकृष्णा मिशन में पूरा दिन श्रद्धालुओं का जमावड़ा रहा। यहां पर पूजा करने वालों के अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने के लिए भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु आए। यहां पश्चिम बंगाल के विख्यात गायकों और युवाओं ने विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए। द्वारका में दक्षिणायन पूजा समिति ने दुर्गा पूजा का भव्यतम आयोजन किया है। समिति ने अपने पंडाल को लोटस टेंपल की प्रतिकृति के रूप में तैयार किया है। दूसरी ओर श्रद्धालु पूरे दिन अलग-अलग पंडालों में मां के दर्शन के लिए घूमते रहे।