बैंक खाते का ब्यौरा न होने की वजह से सहायता राशि से वंचित निर्माण श्रमिकों के लिए सोमवार से विशेष शिविर लगाए गए हैं। 17 जुलाई तक तीन केंद्रों पर निर्माण श्रमिक अपने बैंक खाते से संबंधित ब्यौरा अपडेट कर सकेंगे। कोरोना काल में 5-5 हजार रुपये की सहायता राशि से वंचित श्रमिकों को इस शिविर से राहत मिलने की उम्मीद है। बैंकों का ब्यौरा न होने की वजह से वंचित श्रमिकों को इस शिविर से लाभ मिलेगा।
17 जुलाई तक तीन जिलों में शिविर का आयोजन किया जा रहा है। निमरी कॉलोनी (अशोक विहार), झिलमिल कॉलोनी और पुष्प विहार स्थित श्रम कल्याण केंद्र में लगाए गए शिविर में बैंक खाते का ब्यौरा अपडेट करने के बाद निर्माण श्रमिकों को सरकार की ओर से मिलने वाली वित्तीय सहायता मिल सकेगी।
श्रमिकों के लिए ऑनलाइन वैरिफिकेशन, रजिस्ट्रेशन के अलावा क्लेम भी ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर ऑनलाइन प्राप्त किए जा सकते हैं। शिक्षा, पेंशन, मातृत्व लाभ, विवाह, मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए भी ऑनलाइन आवेदन किए जा सकते हैं। निर्माण श्रमिकों के लिए 24म7 हेल्पलाइन की भी शुरुआत की गई है। 011-41236600 पर एक मिस्ड कॉल करने पर 48 घंटे के अंदर श्रमिकों की समस्याओं की सुनवाई के बाद निपटारा किया जाएगा।
छह महीने में तीन गुना निर्माण श्रमिक हुए पंजीकृत
उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली सरकार, श्रमिकों की बेहतरी के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कैम्प के आयोजन से सभी निर्माण श्रमिकों का डाटा अपडेट करने के बाद सरकार की तमाम योजनाओं का लाभ समय पर मिल सकेगा।
पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की संख्या दिसंबर में करीब एक लाख थी। बढ़ोतरी के बाद पंजीकरण का आंकड़ा तीन लाख तक पहुंच गया है। अगले साल तक दिल्ली के सभी 10 लाख निर्माण श्रमिकों को पंजीकृत करने लक्ष्य रखा है।