नई दिल्ली। आनंद पर्वत थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर महिला का यौन शोषण करने वाले आरोपी मोहम्मद सोहिल उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया है। आरोपी को उत्तर प्रदेश के बदायूं से गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने महिला के साथ संबंधों का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया था।
मध्य जिला पुलिस उपायुक्त निधिन वलसन ने कहा कि 24 वर्षीय महिला ने 26 जून को शिकायत दर्ज कराई थी कि सोहिल ने शादी का वादा करके संबंध बनाए। आरोपी ने चुपके से अंतरंग वीडियो रिकॉर्ड किया और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। पीडि़त महिला के बयान के आधार पर आनंद पर्वत थाने में इस घटना के सिलसिले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आनंद पर्वत थाना प्रभारी की देखरेख में एसआई उर्वशी व हवलदार सुरेश की टीम ने जांच शुरू की।
पुलिस उपायुक्त वलसन ने कहा कि पूछताछ के दौरान महिला का शोषण करने और उसकी सहमति के बिना उसके अंतरंग वीडियो ऑनलाइन मंच पर साझा करने में सोहिल की भूमिका की पुष्टि हुई। अपराध से संबंधित डिजिटल साक्ष्य भी बरामद किए गए। ब्यूरो