दिनभर बादल छाए रहने के साथ रिमझिम बारिश और तेज रफ्तार से चली हवाओं का भी दिल्ली-एनसीआर के प्रदूषण पर अधिक प्रभाव नहीं पड़ा। इस वजह से बृहस्पतिवार को भी हवा की सेहत बहुत खराब श्रेणी में रिकॉर्ड की गई। वायु गुणवत्ता की निगरानी करने वाली एजेंसियों का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे में बारिश की संभावना को देखते हुए हवा की गुणवत्ता में आंशिक रूप से सुधार हो सकता है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड(सीपीसीबी) के मुताबिक, बृहस्पतिवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 321 रहा। इसके अलावा फरीदाबाद का 331, गाजियाबाद का 305, ग्रेटर नोएडा का 279, गुरुग्राम का 320 व नोएडा का 295 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, दिनभर बादल छाए रहे और रिमझिम बारिश रिकॉर्ड की गई। इस वजह से हवा की सेहत में अधिक सुधार दर्ज नहीं हुआ है। हालांकि, मौसम विभाग ने मध्यम स्तर तक की बारिश की संभावना जताई थी।
वायु मानक संस्था सफर के मुताबिक, शुक्रवार को हल्की बारिश होने की वजह से वायु गुणवत्ता में सुधार हो सकता है। हालांकि, शनिवार से हवा की सेहत बिगड़ने की संभावना है। बीते 24 घंटे में हवा में पीएम 10 का स्तर 221 व पीएम 2.5 का स्तर 136 माइक्रोग्राम प्रतिघन मीटर रिकॉर्ड किया गया।