नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार में एक शख्स ने अपनी पत्नी को घर खर्च देने से मना किया, तो पत्नी ने वाइपर से पीट-पीटकर घायल कर दिया। शोर-शराबा होने पर पड़ोसियों ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी। घायल राकेश (40) को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने राकेश के बयान पर पत्नी के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पत्नी नीतू से पूछताछ कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, राकेश परिवार के साथ त्रिलोकपुरी के 18 ब्लॉक में रहता है। परिवार में पत्नी नीतू के अलावा 13 और 17 साल के दो बेटे हैं। राकेश का अपना कारोबार है। लॉकडाउन के बाद उसका काम कम हो गया, जिससे रुपयों की किल्लत होने लगी। सोमवार को राकेश घर पहुंचा, तो पत्नी घर खर्च के लिए रुपये मांगने लगी। राकेश ने रुपये न होने और किसी दोस्त से उधार लाने की बात की, तो नीतू भड़क गई। उसने दरवाजे पर राकेश का रास्ता रोक लिया। राकेश जबरदस्ती बाहर निकलने की कोशिश करने लगा, तो नीतू ने पास में रखा वाइपर उठाकर राकेश को पीटना शुरू कर दिया।
शोर-शराबा हुआ तो पड़ोसी आ गए और राकेश बाहर की ओर भाग गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। इस बीच पड़ोसी राकेश को अस्पताल ले गए। पुलिस ने राकेश के बयान पर पत्नी के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।