5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलेगी हवा
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में मौसम का उलटफेर देखा जाएगा। मौसम विभाग ने 16 फरवरी से नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने का अनुमान जताया है। इसके प्रभाव से हिमालयी क्षेत्रों और उत्तर पश्चिमी भारत के कुछ मैदानी इलाकों में बारिश होगी।
मौसम विभाग ने 18 फरवरी के लिए हल्की बारिश का अनुमान जताया है। इस पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में हल्की बारिश होगी। मौसम विभाग ने इस पूरे हफ्ते दिल्ली-एनसीआर में दिन के वक्त 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से हवाएं चलने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, 16 फरवरी को आसमान साफ रहेगा। ऐसे में न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जाएगा लेकिन इसके बाद मौसम बदल जाएगा। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली में दोपहर से शाम तक आसमान में हल्के बादल नजर आने लगेंगे। रविवार को आसमान साफ रहा और दिनभर तेज धूप निकली रही। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान अधिकतम तापमान 28.5 और न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री दर्ज हुआ। दिल्ली में अधिकतम आर्द्रता 97 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 37 प्रतिशत रही। मौसम विभाग के अनुसार, रिज में 12.6, आया नगर में 9.5, लोधी रोड में 11.2 और पालम में 11.5 न्यूनतम पारा दर्ज किया गया।