पूर्वी दिल्ली। सड़क हादसे में घायल हुए युवक को राहत देते हुए कड़कड़डूमा कोर्ट के मोटर एक्सीडेंट क्लेम ट्रिब्यूनल (एमएसीटी) ने डेढ़ लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया है। शाहदरा जिला एमएसीटी के पीठासीन अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने पीड़ित गौतम भारद्वाज और बीमा कंपनी के बीच हुए आपसी समझौते के आधार पर यह आदेश सुनाया। साथ ही, मुआवजे की पूरी रकम पीड़ित को देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने डेढ़ लाख रुपये को पूरे और अंतिम मुआवजे के रूप में मंजूरी देते हुए बीमा कंपनी को आदेश दिया कि वह अवॉर्ड की तारीख से 30 दिन के भीतर यह रकम जमा कराए। तय समय में भुगतान नहीं करने पर देरी की अवधि के लिए 12 प्रतिशत सालाना की दर से ब्याज देने का भी निर्देश दिया गया।
अदालत में पीड़ित के वकील ने बताया कि बीमा कंपनी पहले ही डेढ़ लाख रुपये की पूरी रकम ट्रिब्यूनल के एमएसीटी खाते में जमा करा चुकी है। इसके बाद अदालत ने मामले की फाइल रिकॉर्ड रूम में भेजने का आदेश दिया। ट्रिब्यूनल के आदेश के अनुसार, पीड़ित को मुआवजे की पूरी राशि तुरंत जारी की जानी है। मामले के अनुसार, जगतपुरी थाने में दर्ज एफआईआर से जुड़ा यह मामला सड़क हादसे में गौतम भारद्वाज के घायल होने का है। इस मामले में पवन कुमार वाहन चालक, रविंदर शर्मा वाहन मालिक और लिबर्टी जनरल इंश्योरेंस कंपनी को प्रतिवादी बनाया गया था। पीड़ित की ओर से अधिवक्ता करण गुप्ता अदालत में पेश हुए। ब्यूरो