नई दिल्ली। यूपी के संभल से दिल्ली आकर वाहन चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सराय रोहिल्ला थाना पुलिस ने तीन को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान संभल, यूपी निवासी उबैश उर्फ अनादिल (28), जमशेद (26) और मोहम्मद दानिश (26) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक ट्रक, दो कार, सात बाइक व एक स्कूटी बरामद की है। आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने मुरादाबाद से चोरी के वाहन खरीदने वाले पांच रिसीवरों को भी हिरासत में लिया है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि गिरोह के बदमाश चोरी के ट्रक का इस्तेमाल गो तस्करी के लिए करते थे। पकड़े जाने पर ट्रक को छोड़कर फरार हो जाते थे। पकड़े गए आरोपी दानिश ने 30 सितंबर को मुरादाबाद में एक शख्स को गोली मार दी थी। मुरादाबाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त अंटो अल्फोंस ने बताया कि सराय रोहिल्ला इलाके में 27 सितंबर को चोरों ने सामान से लदा एक ट्रक चोरी कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। सीसीटीवी की जांच में पुलिस को पता चला कि ट्रक चोरी करने वाले बदमाश होंडा सिटी कार से आए थे। पुलिस ने कार नंबर की जांच की तो पता चला कि गाड़ी दिल्ली निवासी उबैद नामक शख्स के नाम पर रजिस्टर्ड है। पुलिस ने उसके घर पर छापामारी की लेकिन वह नहीं मिला। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मूलरूप से संभल का रहने वाला उबैद और उसका उबैश वाहन चोरी के अलावा अन्य अपराधों में भी लिप्त हैं। पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस की मदद से पड़ताल की तो उबैश की लोकेशन संभल की मिली।
पुलिस ने संभल से उबैश और उसके साथ जमेशद और मो. दानिश को गिरफ्तार कर लिया। चौथी साथी सलीम मौके से फरार होने में कामयाब हो गया। पूछताछ के दौरान उबैश ने बताया कि चोरी के वाहनों को संभल और मुरादाबाद में ठिकाने लगाते थे।