झगड़े के बाद थाने पहुंचे युवक और उसके परिचित पुलिस के सामने ही भिड़ गए। गुत्थमगुत्था के दौरान परिचित ने दांत से युवक का कान काट दिया। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों को छुड़ाया और पीड़ित युवक को अस्पताल में भर्ती कराया।
पीड़ित के बयान पर अमन विहार थाना पुलिस ने गंभीर चोट पहुंचाने का मामला दर्ज कर लिया है। बुधवार रात में पुलिस को रोहिणी सेक्टर- 21 स्थित एक फ्लैट में मारपीट की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस वहां पहुंची जहां पता चला कि फ्लैट मालिक रवि (30) और उसके परिचित संजीव के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया है।
पुलिस दोनों पक्षों के चार लोगों को अमन विहार थाने ले गई। थाना परिसर में दोनों पक्षों को बैठाकर पुलिस पूछताछ कर रही थी। इसी दौरान रवि और संजीव एक बार फिर झगड़ा और मारपीट करने लगे। इलाज के बाद रवि ने बताया कि वह मूलत: किराड़ी का रहने वाला है और बिल्डिंग मैटेरियल का काम करता है।