राजधानी में कोरोना संक्रमण अब खतरनाक रूप ले चुका है। बीते 24 घंटे में 1359 नए पॉजिटिव केस आए हैं और 22 मरीजों की मौत के बाद कुल मामलों की संख्या 25 हजार के पार पहुंच गई है। राहत की बात यह रही कि गुरुवार को विभिन्न अस्पतालों से 356 मरीजों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, अब कुल संक्रमितों की संख्या 25004 हो गई है, जबकि 650 मरीजों की मौत हो चुकी है। हेल्थ बुलेटिन में गुरुवार को 44 मौत बताई गई है। हालांकि, इसमें से 22 मामले ही बीते 24 घंटो के हैं। अन्य, 22 वे मौतें हैं, जो पहले हुई थी, लेकिन अस्पतालों ने जानकारी अब उपलब्ध कराई है।
विभाग के अनुसार दिल्ली के कोविड समर्पित अस्पतालों में कोरोना के मरीजों के लिए 8386 बेड और 408 वेटिलेटर उपलब्ध हैं। इनमें से अब तक 3306 बेड और 307 वेटिलेटर भर चुके हैं। वहीं, कोविड हेल्थ सेंटर में 177और कोविड केयर सेंटर में 987 मरीजों का इलाज चल रहा है। इनमें हेल्थ सेंटर में 285 और कोविड केयर सेंटर में 5292 मरीजों को रखने की क्षमता है।
59 इलाके कंटेनमेंट जोन से बाहर, 163 सील
अनलॉक-1 में कंटेनमेंट जोन की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। दिल्ली में फिलहाल 163 कंटेनमेंट जोन हैं। सबसे ज्यादा 31-31 कंटेनमेंट जोन उत्तरी और दक्षिण पश्चिमी जिले में हैं। इसी तरह दक्षिणी व दक्षिण-पूर्व में 27-27 कंटेनमेंट जोन हैं।
अधिकारियों का कहना है कि कोरोना वायरस का संक्रमण मिलने से बीते 48 घंटों में कंटेनमेंट जोन बढ़ते जा रहे हैं। फिलहाल 163 इलाके सील है, जबकि पिछले दिनों 147 इलाके दिल्ली में सील किए गए थे।