-नरेला औद्योगिक क्षेत्र इलाके की घटना, कार में सवार सभी लोग थे एक ही परिवार के
-दिल्ली में आयोजित समारोह में शामिल होने के बाद कार से खरखौदा सोनीपत जा रहे थे
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। नरेला औद्योगिक क्षेत्र इलाके में रविवार तड़के एक बेकाबू कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार युवती की मौत हो गई, वहीं छह माह की बच्ची समेत पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल अभी बयान देने की हालत में नहीं हैं। पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने से हुई मौत का मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि रविवार तड़के करीब 5.14 बजे एक राहगीर संजीव ने पुलिस को फोन कर बताया कि नरेला बवाना रोड के घोघा क्रांसिंग के पास एक बेकाबू कार सड़के किनारे पेड़ से टकरा गई है। हादसे में कार में सवार छह लोग बुरी तरह से घायल हो गए। सूचना मिलते ही नरेला औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने छह माह की घायल बच्ची समेत छह घायलों को कार से निकालकर पीतमपुरा स्थित सरोज अस्पताल में भर्ती कराया। जहां हरियाणा के सोनीपत स्थित कुंडली निवासी ज्योति (21) को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों की पहचान खरखौदा सोनीपत हरियाणा निवासी प्रशांत और मंशा अपार्टमेंट नरेला निवासी अमित के रूप में हुई। छह माह की बच्ची और दो अन्य महिलाओं की पहचान की जा रही है। बताया गया कि एक महिला अमित की पत्नी है।
शुरुआती जांच में पता चला है कि सभी एक ही परिवार के हैं और दिल्ली में आयोजित किसी समारोह में शामिल होने के बाद खरखौदा जा रहे थे। आशंका है कि रात में समारोह में होने की वजह से कार चला रहे शख्स को झपकी आ गया और कार बेकाबू होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।