कश्मीरी गेट इलाके में खोया कारोबारी से लूट
पहली वारदात मंगलवार दोपहर 1.15 बजे हुई। बिहारी कालोनी, शाहदरा निवासी खोया कारोबारी सुनील कुमार जैन (56) अपनी स्कूटी से खोया मंडी से घर लौट रहे थे। जैसे ही कश्मीरी गेट इलाके में युधिष्ठिर सेतु पर पहुंचे तो दो बदमाशों ने जबरन इनकी स्कूटी को ओवरटेक कर रुकवा लिया। आरोपी इनसे रुपयों की मांग करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने इनको गोली मारने की धमकी दी और इनसे स्कूटी की चाबी छीनकर स्कूटी लेकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि स्कूटी की डिग्गी में साढ़े चार लाख रुपये मौजूद थे।
वजीराबाद में केला गोदाम के मालिक से लूट
दूसरे मामले में वजीराबाद में केला गोदाम चलाने वाले आबिद अपने भाई सत्तर खान के साथ मौजूद थे। इस बीच पांच बदमाशों ने जबरन घुसकर दोनों भाईयों को बंधक बना लिया। इसके बाद इनसे सोने की चेन और अलमारी में रखे तीन लाख लूट लिए। बदमाशों के जाने के बाद आबिद ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस उपायुक्त सागर सिंह कलसी का कहना है कि आरोपियों की धर-पकड़ के लिए कई टीमों का गठन कर दिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।