नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के सदर बाजार स्थित कुरैश नगर (कसाबपुरा) में मंगलवार सुबह जर्जर दोमंजिला मकान भरभराकर जमींदोज हो गया। इसमें मौजूद 6 लोग मलबे में दबकर घायल हो गए। सूचना पर पुलिस, दमकल विभाग, नगर निगम व आपदा प्रबंधन की टीम पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से इन लोगों को निकालकर नजदीकी बाड़ा हिंदूराव अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में दो को हालत गंभीर होने पर आरएमएल अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, इस जर्जर इमारत को खाली करने के लिए निगम कई बार नोटिस दे चुका था।
पुलिस के मुताबिक, हादसा गली चरखे वाली के मकान नंबर-6368 में सुबह करीब 10:20 बजे हुआ। 60-70 साल पुराने करीब 120 गज के मकान में बब्बू, स्वालीन और सलाउद्दीन के परिवार रहते थे। इसमें भूतल और पहली मंजिल थी। इसके निवासी मो. फैसल ने बताया कि करीब 30 साल पहले उनके दादा ने इलाके के ही अलाउद्दीन को मकान किराए पर दिया था। इसके कुछ हिस्से पर अलाउद्दीन के लड़कों ने कब्जा कर रखा है। वे न तो मकान खाली कर रहे थे और न ही इसे बनने दे रहे थे।
मकान की छत पटिया और लोहे के गाटर से बनी थी और पूरी तरह गल चुकी थी। सोमवार को मकान का कुछ मलबा गिरा तो 12-13 लोगों को रात में दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया। सुबह जब मकान गिरा तो इसमें मौजूद जरीना (60), नसीम (30), हसीन (40), वसीम (32) सलाउद्दीन (55) और भूरी (50) मलबे में दब गए। स्थानीय लोग मदद के लिए भागे। बाद में बचाव दल ने मलबे से सभी को निकाला और पीसीआर वैन व एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। जरीना और नसीम की हालत नाजुक है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कब्जा करने वाले लोगों की हठधर्मी के कारण हादसा हुआ है।
हादसे के बाद मारपीट, एक घायल
फैसल के मुताबिक, मकान पर कब्जा करने वाला मंगलवार दोपहर कुछ युवकों के साथ पहुंचा और बदसलूकी करने लगा। पहले दोनों पक्षों के बीच तू-तू-मैं-मैं हुई। इसके बाद दोनों ओर से मारपीट हो गई। फैसल के मुताबिक, आरोपियों ने धारदार हथियार से उसके भाई काशिफ (26) पर हमला कर दिया। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कराया। हमले में काशिफ के दोनों हाथों पर चोट लग गई। पुलिस ने उसका बयान ले लिया है।
सीएम ने ट्वीट कर जताया दुख
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को किए एक ट्वीट में इस हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि बचाव दल, मेडिकल टीम और जिला प्रशासन मौके पर हैं। बचाव और राहत कार्य चल रहा है। वे खुद हालात पर नजदीक से नजर रख रहे हैं। उधर, उत्तरी दिल्ली नगर निगम के महापौर जयप्रकाश भी हालात का जायजा लेने के लिए पहुंचे।